
Giridih: गिरिडीह और जमुई के सीमावर्ती इलाके के पोस्टमारा गांव में मंगलवार की शाम एक महिला ने अपने दो बच्चों के साथ फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है. हालांकि पति मो तस्लीम से अक्सर विवाद होने की बात सामने आयी है.
घटना की जानकारी मिलने के साथ गिरिडीह के भेलवाघाटी थाना प्रभारी प्रशांत कुमार भी पुलिस जवानों के साथ घटनास्थल पहुंचने की तैयारी में थे. वहीं बिहार के चकाई थाना प्रभारी पुलिस जवानों के साथ घटनास्थल पहुंचने की तैयारी में थे.
बताया जा रहा है कि पूरा इलाका माओवादियों के प्रभावित होने के कारण चकाई थाना पुलिस के देर शाम या बुधवार की सुबह तक घटनास्थल पहुंचने की बात कही जा रही है.
बताया यह भी जा रहा है कि घटनास्थल पोस्टमारा गांव भेलवाघाटी थाना इलाके से महज छह किमी दूर है, वहीं चकाई थाना से करीब आठ किमी से अधिक दूर बताया जा रहा है.
गांव में अक्सर माओवादियों की गतिविधि रही है. वैसे भेलवाघाटी थाना प्रभारी प्रशांत कुमार ने स्पष्ट किया कि पोस्टमारा गांव चकाई थाना इलाके में ही है. लेकिन भेलवाघाटी थाना के नजदीक होने के कारण ही वे भी घटनास्थल जाने की प्रकिया पूरी कर रहे है.
इधर जानकारी के अनुसार घटना के वक्त मृतका अपने दो बच्चों क्रमशः दो वर्षीय मिराज और तीन वर्षीय सिराज के साथ घर पर अकेली थी.
शाम करीब छह बजे मृतका के ससुराल वाले घर पहुंचे तो देखा कि उसके कमरे का दरवाजा बंद है. इसके बाद परिजनों ने किसी प्रकार दरवाजा तोड़ा, तो देखा कि मृतिका अपने दो बच्चों के साथ फंदे से झूल रही है. इस दौरान परिजनों ने पड़ोसियों के सहयोग से महिला व उसके दोनों बच्चों को नीचे उतारा. घटना की जानकारी मिलने के साथ ही काफी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ मृतिका के ससुराल में जुटी थी.




