Crime NewsJamshedpurJharkhand

जमशेदपुर : विदेशी शराब के बड़े पैमाने पर तस्करी का भंडाफोड़, 535 पेटी शराब के साथ 10 गिरफ्तार, ट्रक, बोलेरो और कार जब्त

असम से अदरक की बोरियों में छुपाकर झारखंड-ओड़िशा ले जाया जा रहा था शराब, एनएच-18 पर नूतनगढ़ में पकड़ाया

Jamshedpur :  झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिला पुलिस ने बड़े पैमाने पर शराब की तस्करी का भंडाफोड़ किया है. एनएच-18 पर घाटशिला के नूतनगढ़ में पुलिस ने ट्रक, बोलेरो और एक कार से 535 पेटी विदेशी शराब बरामद करते हुए 10 लोगों को गिरफ्तार किया है. बरामद शराब की पेटियां अदरक की बोरियों के नीचे छुपाकर रखी गई थी. उसकी अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये है. पुलिस की पूछताछ में असम से झारखंड और ओड़ीसा के सीमावर्ती क्षेत्रों में शराब ले जाने का खुलासा हुआ है. यह जानकारी ग्रामीण एसपी नाथू सिंह मीणा ने प्रेसवार्ता में दी.  उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना पर पुलिस ने एनएच पर बैरियर लगा रखा था. उसी बीच तीनों गाड़ियों के नूतनगढ़ पहुंचते ही पुलिस सतर्क हो गई. फिर पुलिस ने आगे की कार्रवाई करते हुए यह सफलता हासिल की.
इनकी हुई है गिरफ्तारी
गिरफ्तार लोगों में बिहार के जिला मधुबनी, थाना मधुआपुर का जयनाथ यादव, धनबाद के बारडार का मुकेश साव, गिरीडीह पोरदाग का काशी साव, बोकारो कारीपानी का संजीव कुमार सिंह, बोकारो सेंट्रल कॉलोनी का राणा प्रताप सिंह, संजय कुमार पासवान, बिहार के जिला भागलपुर सानवर्षा का उत्तम कुमार, बिहार के जिला खगड़िया का अभिषेक कुमार और भागलपुर जिले के बिहपुर का कुणाल कुमार शामिल है.
इन सामानों की हुई बरामदगी
इस पूरे मामले में पुलिस ने ट्रक, कार और बोलेरो से मेक डॉवेल कंपनी की 210 पेटी (व्हीस्की) विदेशी शराब, मेक डॉवेल नंबर वन (रम) विदेशी शराब 325 पेटी बरामद किया है. इसमें कुल 25680 बोतल शराब है. इसके अलावा पुलिस ने ट्रक, बोलेरो और कार को भी बरामद किया है. साथ में 105 बोरा अदरख और 18 पीस मोबाइल फोन भी बरामद किया है.
पुलिस की टीम में ये थे शामिल
पुलिस की टीम में घाटशिला एसडीपीओ के नेतृत्व में टीम बनी थी. इसमें गालूडीह के थाना प्रभारी रौशन खाखा, चाकुलिया के थाना प्रभारी वरूण यादव, धालभूमगढ़ के एसआई अरजुन कुमार यादव, एमजीएम थाना के एसआई सोनू कुमार, नयन कुमार, धालभूमगढ़ के एएसआई देवनाथ सिंह, हवलदार अजय तिर्की, आरक्षी पवन यादव, सुशील प्रसाद, संजीव सुंडी, निल्सन हेंब्रम, अवधेश पासवान, गालूडीह के हवलदार उपेंद्रनाथ महतो, आरक्षी चंदन कुमार, सूर्यवंशी कुमार और चाकुलिया के आरक्षी संदीप कुमार भगत शामिल थे.

Related Articles

Back to top button