
New Delhi: देश में कोरोना के मामलों में तेज गिरावट का दौर जारी है. रोजाना मिलने वाले कोरोना संक्रमितों की संख्या गिरकर 3000 के करीब पहुंच गई है. शनिवार को देशभर में कोरोना के 3,116 नए मामले सामने आए हैं. इसके एक दिन पूर्व 3,614 संक्रमित मिले थे. इससे भी अच्छी बात यह है कि अब मौत के आंकड़ों में भी तेजी से कमी आ रही है. शनिवार को सिर्फ 47 लोगों की कोरोना से मौत हुई. कोरोना से हुई कुल मौतों की संख्या 5,15,850 हो गई है. देश में कोरोना के अब कुल मामले 4,29,90,991 हो गए हैं.
नए मरीजों की संख्या में कमी के साथ ही सक्रिय मरीजों की संख्या में भी कमी हो रही है. देश में सक्रिय मरीजों की कुल संख्या अब 38,069 हो गई है. करीब ढ़ाई माह बाद ऐसा हुआ है जब सक्रिय मरीजों की संख्या 40000 से कम रही है. नए मरीजों की तुलना में स्वस्थ होने वालों की संख्या भी अधिक रह रही है. शनिवार को 5559 लोगों के कोरोना को मात दी है. देश में कोरोना से स्वस्थ होने वालों की कुल संख्या अब तक 4,24,37,072 पर पहुंच गई है. इधऱ, वैक्सीनेशन का काम भी तेज गति से जारी है. अब कुल वैक्सीनेशन की संख्या 1,80,13,23,547 डोज हो गई है.




