
Palamu: जिले के हरिहरगंज प्रखंड के बंजारी मोहल्ला स्थित ब्लूमिंग बर्डस ग्लोबल स्कूल परिसर में झारखंड-बंगाल फ्राइट कैरियर प्राइवेट लिमिटेड के गोदाम में बुधवार की रात भीषण आग लग गई. इसमें लगभग 80 लाख के सामान जलकर खाक हो जाने की बात सामने आई है. बताया जा रहा है कि गोदाम में बुधवार की शाम ही एक ट्रक ट्रांसपोर्ट का माल उतारा गया था.
इसे भी पढ़ें: जेएमएम की रैली में जुटे हजारों समर्थक, मुख्यमंत्री आवास के बाहर लगी भीड़
गोदाम संचालक अरुणजय ठाकुर ने संभावना जताई है कि अज्ञात लोगों द्वारा आग लगाई गयी है. गोदाम के बाहर लगा मारुति वैन भी जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया है. साथ ही स्कूल के ऑफिस को भी आंशिक क्षति पहुंची है. गुरुवार की सुबह आसपास के लोगों ने गोदाम से धुआं उठता देख संचालक को इसकी सूचना दी. बाद में लोगों ने मोटर पंप तथा डीजल पंप के सहारे आग पर काबू पाया. आग लगने की सूचना पाकर हरिहरगंज थाना से एसआई प्रकाश कुमार गुप्ता घटनास्थल पर पहुंचे. जांच के दौरान उन्होंने पाया कि स्कूल के मेन गेट के समीप लगे सीसीटीवी कैमरा को उखाड़ दिया गया है. इससे किसी व्यक्ति के द्वारा आग लगाने जाने की संभावना प्रबल हो गयी है. वही आग लगने की सूचना पाकर बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंचे. साथ ही बदहवास पीड़ित परिवार को लोगों ने सांत्वना दिया.






