
Lucknow: राजस्थान के कोटा में मासूम बच्चों की मौत को लेकर राजनीति तेज होती जा रही है. गुरुवार को मायावती के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि अत्यंत क्षोभ है कि दोनों महिलाएं होकर भी माताओं का दुःख नहीं समझ पा रहीं.
योगी आदित्यनाथ के कार्यालय की ओर से आज एक के बाद एक किए गए कई ट्वीट में राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार पर भी निशाना साधा गया है.
इसे भी पढ़ेंःझारखंड प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व में हो सकता है बड़ा बदलाव!
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, ‘कोटा में करीब 100 मासूमों की मौत बेहद दुःखद और हृदय विदारक है. माताओं की गोद उजड़ना सभ्य समाज, मानवीय मूल्यों और संवेदनाओं पर धब्बा है.’’
उन्होंने कहा, ‘अत्यंत क्षोभ है कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा महिला होकर भी माताओं का दुःख नहीं समझ पा रहीं.’
योगी ने एक अन्य ट्वीट में कांग्रेस महासचिव पर निशाना साधते हुए कहा है, ‘(प्रियंका गांधी) वाड्रा अगर यूपी में राजनीतिक नौटंकी करने की बजाय उन गरीब पीड़ित माताओं से जाकर मिलतीं, जिनकी गोद केवल उनकी पार्टी की सरकार की लापरवाही की वजह से सूनी हो गई है, तो उन परिवारों को कुछ सांत्वना मिलती.’
ट्वीट में कहा गया है, ‘इनको किसी की न चिंता है, न कोई संवेदना. (प्रियंका को) जनसेवा नहीं सिर्फ राजनीति करनी है.’
उन्होंने कहा कि राजस्थान की कांग्रेस सरकार, वहां के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की उदासीनता, असंवेदनशीलता व गैर-जिम्मेदाराना रवैया और इस मामले में उनका चुप्पी साधे रहना मन दुखी कर देने वाला है.’
इसे भी पढ़ेंः#Kota : बच्चों की मौत मामले में मायावती और भाजपा ने गहलोत सरकार को असंवेदनशील करार दिया
नाम लिये बगैर मायावती का वार
सीएम योगी से पहले बहुजन समाज पार्टी प्रमुख ने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पर निशाना साधा.
बीएसपी अध्यक्ष मायावती ने कहा, ‘कांग्रेस शासित राजस्थान के कोटा जिले में हाल ही में लगभग 100 मासूम बच्चों की मौत से मांओं का गोद उजड़ना अति-दुःखद और दर्दनाक है. और राजस्थान के मुख्यमंत्री गहलोत खुद और उनकी सरकार इसके प्रति अब भी उदासीन, असंवेदनशील और गैर-जिम्मेदार बने हुए हैं, जो अति-निन्दनीय.’
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी का नाम लिए बगैर मायावती ने निशाना साधते हुए कहा, ‘कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और खासकर महिला महासचिव की इस मामले में चुप्पी साधे रखना बेहद दुःखद है. अच्छा होता कि वो यूपी की तरह उन गरीब पीड़ित मांओं से भी जाकर मिलतीं, जिनकी गोद केवल उनकी पार्टी की सरकार की लापरवाही के कारण उजड़ गई हैं.’
गौरतलब है कि राजस्थान में कोटा के जेके लोन हॉस्पिटल में 9 बच्चों की और मौत हो गई, जिसके बाद एक महीने के अंदर मरने वाले बच्चों की संख्या 100 पहुंच गई है.
इसे भी पढ़ेंःकंबल घोटालाः जांच की चिट्ठी को रघुवर दास के प्रधान सचिव सुनील बर्णवाल ने दबाए रखा




