
Ranchi: धनबाद के बहुचर्चित एडीजे उत्तम आनंद मौत मामले में सीबीआई गिरफ्तार ऑटो चालक लखन वर्मा और उसके सहयोगी राहुल वर्मा को लेकर गांधीनगर (गुजरात) पहुंची है. दोनों को दिल्ली से सड़क मार्ग के माध्यम से गांधीनगर ले जाया गया है. बताया जा रहा है कि वहां पहले दोनों की ब्रेन मैपिंग होगी. हैड कैप (सिर पर यंत्र) लगा कर विशेषज्ञ दोनों से केस के सिलसिले में पूछताछ करेंगे.
मालूम हो कि 16 अगस्त को धनबाद जिला एवं सत्र न्यायाधीश उत्तम आंनद की मौत की गुत्थी सुलझाने के लिए सीबीआई की टीम ने दोनों को दिल्ली ले गई थी. मंगलवार की रात दिल्ली से दोनों को लेकर सीबीआई टीम की गुजरात के लिये रवानगी हुई.
इधर, धनबाद में जज उत्तम आनंद की मौत का सुराग ढूंढने के लिए सीबीआई की टीम ने कई स्थानों पर पोस्टर चिपकाया है. जिसमें सीबीआई से संपर्क करने के लिए नंबर भी दिए गए हैं. सुराग देने वालों को 5 लाख का इनाम देने की घोषणा सीबीआई ने की है.
मालूम हो कि 28 जुलाई की सुबह एडीजे उत्तम आनंद मॉर्निंग वॉक पर निकले थे. इसी दौरान धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर उन्हें एक ऑटो ने टक्कर मार दी, जिसके बाद वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गए. कुछ देर बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. वहीं इस मामले की जांच सीबीआई कर रही है.




