
New Delhi: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जम्मू जाने से महज दो दिन पूर्व जम्मू के सुंजवां इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो चुकी है. अब तक की सूचना के अनुसार मुठभेड़ में आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के दो आतंकी ढेर हो चुके हैं. एक जवान को शहादत देनी पड़ी है, छह जवान घायल हुए हैं. पीएम मोदी के दौरे के मद्देनजर जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था हाई अलर्ट है. मालूम हो कि पीएम मोदी 24 अप्रैल को जम्मू जाने वाले हैं.
मुठभेड़ के बाद जम्मू शहर समेत आसपास के इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. शहादत देने वाला जवान सीआइएस के एक एएसआइ एसपी पाटिल है. पांच घायल जवानों को इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल कराया गया है. अस्पताल में भर्ती जवानों में हैड कांस्टेबल बलराज सिंह कठुआ, एसपीओ साहिल शमा्र ज्यौड़ियां अखनूर, हैड कांस्टेबल प्रमोद पात्रा निवासी ओडिशा, सीआइएसएफ का कांस्टेबल आमिर सोरना निवासी असम, सीआइएसएफ कांस्टेबल बिट्टल और हैड कांस्टेबल सीआइएसएफ आर नितिन निवासी महाराष्ट्र शामिल हैं. सुरक्षा के मद्देनजर सुंजवां क्षेत्र में मोबाइल इंटरनेट सेवा भी बंद कर दी गई है. आसपास के स्कूलों को भी बंद करवा दिया गया है.
बताया जा रहा है कि शुक्रवार तड़के सुंजवां के जलालाबाद इलाके में आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली. सूचना पाते ही सुरक्षा बल ने तलाशी अभियान शुरू किया. एक जगह पर छिपे आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई से पहले सुरक्षाबलों ने आतंकियों को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी लेकिन आतंकियों ने इसे अनसुना कर दिया और फायरिंग जारी रखी. सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आतंकियों को ढेर कर दिया है.




