
Chatra : जिले के इटखोरी थाना क्षेत्र में शराब के नशे में धुत अपराधियों द्वारा एक महिला के साथ गैंगरेप किये जाने का मामला प्रकाश में आया है. इस बाबत पीड़ित महिला ने इटखोरी थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगायी है. महिला की शिकायत पर पुलिस ने उसे मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस आरोपियों की शिनाख्त करते हुए उनकी गिरफ्तारी के लिए अभियान में जुट गयी है.
इसे भी पढ़ें- धनबाद: एसएसपी ऑफिस के सामने चली गोली, पुलिस को खुली चुनौती
घर में अकेली थी पीड़िता
पीड़िता द्वारा थाना को दिये गये आवेदन के अनुसार थाना क्षेत्र की पीटीज पंचायत अंतर्गत हरिजन टोला बस्ती स्थित अपने घर में बुधवार की रात वह सो रही थी. इसी दौरान दो अज्ञात युवक उसके घर में जबरन घुस गये और महिला को घर में अकेला पाकर उसके साथ अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ करना शुरू कर दिया. महिला ने युवकों का विरोध किया. इसके बाद युवकों ने महिला के साथ सामूहिक बलात्कार कर मौके से फरार हो गये. इसके बाद गुरुवार की अहले सुबह पीड़ित महिला इटखोरी थाना पहुंची और पुलिस को घटना की जानकारी दी. इधर घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय वरुण देवगम इटखोरी थाना पहुंचे और पीड़िता से पूछताछ के बाद उसे मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
इसे भी पढ़ें- जिन बैंकों में सुरक्षा नहीं, वहीं हुई लूट की घटना
जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे आरोपी : पुलिस उपाधीक्षक
पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय वरुण देवगम ने बताया कि महिला के लिखित बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. मामले में अनुसंधान किया जा रहा है. जांच के बाद घटना में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने बताया कि घटना को अंजाम देकर फरार हुए अपराधियों की शिनाख्त को लेकर छापामारी अभियान चलाया जा रहा है. जल्द ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे.




