DhanbadJharkhandLead NewsNEWS

धनबाद जेल मारपीट मामले में अनवर, विनोद सहित 4 पर एफआईआर, प्रिंस के भाइयों सहित शूटरों की जेल शिफ्टिंग की तैयारी

Dhanbad: धनबाद जेल में भगोड़ा गैंगस्टर प्रिंस खान और सिंह मेंशन समर्थकों के बीच हुई मारपीट मामले में सोमवार की रात धनबाद थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई. जेल अधीक्षक अजय कुमार ने मारपीट में शामिल वासेपुर निवासी प्रिंस खान के करीबी अनवर उर्फ रहमत, भोमा राजा, श्याम कोठी करकेंद निवासी कुख्यात विक्की डोम तथा घनुआडीह निवासी नीरज हत्याकांड के आरोपी विनोद सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है.

 

पुलिस को दिए गए आवेदन में अजय कुमार ने बताया कि रविवार की दोपहर धनबाद जेल के अंदर चारों ने व्यवस्था भंग कर सरकारी काम में बाधा पहुंचाई. मारपीट की शुरुआत अनवर उर्फ रहमत ने की थी. उसने विनोद के साथ मारपीट की. इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट हुई और राजा उर्फ भोमा राजा और विक्की डोम भी मारपीट में कूद गए. जिसके बाद पगला सायरन बजा कर भीड़ को तितर-बितर किया गया.

 

यहां बता दें कि मारपीट के बाद अनवर व विनोद सहित अन्य आरोपियों को धनबाद जेल के अलग-अलग सेल में बंद कर दिया गया है. उन पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है. धनबाद जेल के बिगड़े माहौल को देखते हुए धनबाद पुलिस का भी जेल पर पहरा बरकरार है. इधर, जेल अधीक्षक ने पूरे मामले पर जेल आईजी, धनबाद डीसी और एसएसपी को अपनी रिपोर्ट सौंपी है. रिपोर्ट में उन्होंने जेल के हालात का ब्योरा दिया है. मारपीट कैसे हुई, इसकी भी जानकारी दी है.

 

जेल सूत्रों के अनुसार बीचबचाव में आए कुख्यात प्रिंस खान के भाई गोडविन खान के साथ भी मारपीट की गई. मारपीट में कई अन्य भी शामिल थे. अफवाह उड़ी थी कि मारपीट के दौरान प्रिंस खान के पिता नासिर खान ठिठक गए थे. हालांकि यह कोरी अफवाह साबित हुई. दरअसल पांच दिन पहले ही प्रिंस खान के पिता जमानत पाकर जेल से बाहर आ चुके हैं.

 

 

प्रिंस के भाइयों सहित शूटरों की जेल शिफ्टिंग की तैयारी

जेल आईजी ओम प्रकाश सिंह ने जेल अधीक्षक अजय कुमार को आदेश दिया है कि भविष्य में दो अप्रैल की घटना की पुनरावृत्ति धनबाद जेल में नहीं होनी चाहिए. इसके लिए जो भी एक्शन लेना है जेल प्रशासन लेने को स्वतंत्र है. जेल आईजी ने जेल का माहौल खराब करने वालों की सूची बनाकर उनके जेल ट्रांसफर का भी प्रस्ताव बनाकर डीसी के मंतव्य के साथ भेजने को कहा है. चर्चा है कि जेल प्रशासन प्रिंस खान के दोनों भाइयों के अलावा नीरज हत्याकांड के शूटर व अन्य को दूसरी जेल भेजने की तैयारी में है.

 

अमन-प्रिंस गैंग में बढ़ी दूरियां, गैंगवार की आशंका

धनबाद जेल की मारपीट के साथ सिंह मेंशन समर्थक और प्रिंस खान गिरोह में दूरियां और बढ़ गई हैं. प्रिंस खान की ओर से झरिया के पूर्व विधायक रागिनी सिंह के खिलाफ टिप्पणी किए जाने के बाद से ही जेल का माहौल गरम था. इधर हाल के दिनों में कोयला कारोबार में रंगदारी को लेकर शूटर अमन सिंह और प्रिंस खान के बीच भी तलवारें खींची हुई हैं.

Related Articles

Back to top button