
NewDelhi : आरएसएस ने अपने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल को वापस बुला लिया है. खबर है कि उनके स्थान पर वी सतीश को राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बनाया जा सकता है. हालांकि इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है. भाजपा का राष्ट्रीय संगठन महामंत्री आरएसएस का वरिष्ठ प्रचारक होता है, जो दोनों संगठनों के बीच समन्वय का काम करता है.
रामलाल को अब आरएसएस का अखिल भारतीय सह संपर्क प्रमुख बनाया गया है. संपर्क प्रमुख की जिम्मेदारी अनिरुद्ध देशपांडे के पास है. इसके अलावा आरएसएस ने एक और बदलाव करते हुए गोपाल आर्य को पर्यावरण गतिविधियों का राष्ट्रीय समन्वयक मनोनीत किया है.
रामलाल की आरएसएस के मूल संगठन में वापसी
जान लें कि रामलाल करीब एक दशक से भाजपा के संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. अब उनकी आरएसएस के मूल संगठन में वापसी हुई है. आरएसएस अपने आनुषांगिक संगठनों से समन्वय के लिए उनमें अपने प्रचारकों को भेजता है.
भाजपा में संगठन महासचिव आरएसएस की ओर से भेजे जाते हैं. केंद्रीय और राज्य स्तर पर संगठन महासचिवों की नियुक्ति होती है. इनका दायित्व संगठन से जुड़े निर्णय करना होता है. ये आरएसएस की सभी बैठकों में हिस्सा लेते हैं. भाजपा में पार्टी अध्यक्ष के बाद संगठन महासचिव का पद सबसे महत्वपूर्ण होता है.
इसे भी पढ़ेंःदिग्विजय सिंह का दावा , नोटबंदी से भाजपा ने अकूत धन कमाया, उसी से विधायक खरीदे जा रहे हैं




