
Chennai: राजस्थान रायल्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे पर स्लो ओवर रेट को लेकर लाखों का जुर्माना लगा है. चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ आईपीएल मैच के दौरान धीमी ओवर गति के लिए 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है. रहाणे की टीम ने रविवार को चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ मैच में धीमी गति से ओवर किए.
आईपीएल के आधिकारिक बयान के अनुसार, ‘‘ओवर गति अपराध से जुड़ी आईपीएल आचार संहिता के अंतर्गत मौजूदा सत्र में यह उनकी टीम का पहला अपराध है. इसलिए रहाणे पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है.’’
राजस्थान रायल्स को सुपरकिंग्स के खिलाफ रविवार रात आठ रन से हार का सामना करना पड़ा था, जो टीम की लगातार तीसरी हार है. टीम अपना अगला मैच मंगलवार को जयपुर में रायल चैलेंजर्स बेंगलूर के खिलाफ खेलेगी.
बता दें कि यह मौजूदा आईपीएल में स्लो ओवर रेट का दूसरा मामला सामने आया है. इससे पहले मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा पर धीमी ओवर गति के कारण 12 लाख रुपए का जुर्माना लगा था.




