
Palamu: डालटनगंज-गढ़वा मार्ग पर चैनपुर थाना क्षेत्र तालापारा में ट्रक की चपेट में आने से 25 वर्षीय अजीत कुमार चैरसिया की मौत हो गयी. युवक खुले में शौच कर लौट रहा था. इसी दौरान हादसा हुआ. घटना के बाद स्थानीय लोग उग्र हो गये और पलामू-गढ़वा मुख्य पथ को जाम कर दिया. जाम करीब पांच घंटे तक रहा. इससे वाहनों की लंबी कतारें लगी रही. राहगीर परेशान रहे. बाद में डीएसपी, बीडीओ और सीओ की ओर से काफी समझाने पर लोगों का आक्रोश शांत हुआ.
मुआवजा और नौकरी की मांग
जाम कर रहे ग्रामीणों ने मृतक के आश्रित को सरकारी नौकरी एवं 10 लाख रुपये नकद मुआवजा दिये जाने की मांग की. इस मांग के साथ जाम पूर्वाहन तक रहा. सड़क जाम की सूचना के बाद डीएसपी सुरजीत कुमार, बीडीओ अल्का कुमारी, सीईओ परमानंद, थाना प्रभारी सुनीत कुमार एवं प्रमुख विजय प्रसाद आदि जाम स्थल पर पहुंचे और लोगों को समझा बुझाकर जाम हटवाया.
तत्काल 10 हजार रुपये का चेक दिया गया
मौके पर प्रभावित परिवार को प्रशासन की ओर से 10,000 रुपये का चेक दिया गया. साथ ही पदाधिकारियों ने हर संभव सरकारी सहायता दिलाने का भरोसा दिलाया. मौके पर रामलाल चैरसिया, भीष्म चैरसिया, ईंदल चैरसिया, सीताराम चैरसिया एवं गुलाब भुईंयां के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे.
खुले में शौच कर घर लौटने के दौरान हुआ हादसा
बताया जाता है कि शनिवार की रात लगभग 8 बजे अजीत शौच के बाद घर वापस लौट रहा था. इसी दौरान विपरित दिशा से आ रहे ट्रक (नंबर-सीजी 15 एस 1828) ने अजीत को चपेट में ले लिया. इससे उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गयी. घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया. लोग पूरी रात रोते पीटते रहे. सुबह होते ही लोग आक्रोशित हो गये. घटना के खिलाफ सड़क पर उतर आये. मृतक अजीत तालापारा गांव निवासी स्व. बृजमोहन महतो का पुत्र था. दुर्घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया.
इसे भी पढ़ेंः स्कूल की शिक्षिका पर बाइक सवार युवकों ने फेंका एसिड, एडमिट




