
Giridih : झारखंड पुलिस के जैप-1 बटालियन के ई-कंपनी के 28 वर्षीय पुलिस जवान पिंटू शर्मा की मौत गुरुवार दोपहर गिरिडीह-डुमरी रोड के हरलाडीह मोड़ के समीप सड़क हादसे में हो गयी. मृतक जवान जैन समाज के तीर्थनगरी मधुबन के पारसनाथ पहाड़ स्थित सीतानाला के जैप-1 कैंप के ई-कंपनी में पोस्टेड था. चार माह पहले ही मृतक जवान पिंटू शर्मा की पोस्टिंग मधुबन में हुई थी. वह रांची के डोरंडा का रहने वाला था.
समान लाने की बात कहकर जा रहा था हरलाडीह
घटना की जानकारी मिलने के बाद गुरुवार देर शाम डोंरडा से मृतक के परिजन गिरिडीह पहुंचे, जहां सदर अस्पताल में पुलिस मेंस एसोसिएशन गिरिडीह समेत अन्य पदाधिकारियों के मौजदूगी में शव का पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया. वहीं शुक्रवार की सुबह रांची में मृतक जवान को अंतिम सलामी देने की बात कही गयी है. जानकारी के अनुसार दोपहर दो बजे वह कैंप के अन्य जवानों को कुछ समान लाने की बात कह बाइक से हरलाडीह जा रहा था. इसी दौरान मृतक पिंटू शर्मा गिरिडीह-डुमरी रोड के हरलाडीह मोड़ के समीप पहुंचा, तो किसी अज्ञात वाहन से जवान के बाइक की टक्कर हो गयी. जिसे घटनास्थल पर जवान की मौत हो गयी. इलाका सूनसान होने के कारण यह पता नहीं चल पाया कि जवान के बाइक की टक्कर किस वाहन से हुई. घटना के कुछ देर बाद सड़क हादसे की जानकारी पीरटांड थाना के साथ मधुबन थाना पुलिस को भी दिया गया. इसके बाद दोनों थाना की पुलिस घटनास्थल पहुंची. जहां मृतक जवान के जेब की तलाशी लेने के बाद पता चला कि वह जैप-1 का जवान था, और सीतानाला स्थित कैंप में पोस्टेड था.
इसे भी पढ़ें : लुकैया जंगल के एक घर से भारी मात्रा में नकली शराब बरामद




