
Ranchi/Ramgarh: साहसिक पर्यटन (Adventure Tourism) के शौकीनों के लिए अच्छी खबर है. राज्य के फेमस टूरिस्ट स्पाट में शामिल पतरातू डैम (रामगढ़) में इसका मजा लिया जा सकता है. पर्यटन निदेशालय, झारखंड के द्वारा राज्य के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर साहसिक गतिविधियों का संचालन कराया जा रहा है. इसी क्रम में पतरातू डैम पर भी 11 जुलाई से 13 जुलाई तक इसका आयोजन होना है. डैम पर इसका संचालन एडवेंचर ट्रेवलर्स एकेडमी के द्वारा होना है. साहसिक गतिविधियों के दौरान इच्छुक लोगों को पैरा सेलिंग, वाल क्लाइमविंग, क्याकिंग, बनाना राईड, सर्फिंग, जेट स्की को इंज्वाय करने का मौका मिलेगा. सारी एक्टिविटी अनुभवी प्रशिक्षकों की निगरानी में होगी.
ये होंगी शर्तें
साहसिक गतिविधियों के संचालन के लिए जिला खेल पदाधिकारी सह जिला पर्यटन नोडल पदाधिकारी हलधर कुमार सेठी को अधिकृत किया गया है. सेठी के मुताबिक इस कार्यक्रम के लिए पर्यटकों से एक रुपया भी नहीं लिया जायेगा. वाटर सपोर्ट लाइफ जैकेट जारी करने को 100 रुपये सुरक्षा राशि के तौर पर जमा करने होंगे. लाईफ जैकेट वापस करने पर यह पैसा भी वापस मिल जाएगा. साहसिक गतिविधियों के दौरान पर्यटकों को जमीन पर, हवा और पानी में होने वाले अलग अलग इवेंट का मजा मिलेगा. 11 से 13 जुलाई के बीच होने वाली इस एक्टिविटी के लिए सुबह 7 से 11 बजे तक और शाम 3 बजे से 5 बजे तक समय तय किया गया है.




