Crime NewsHazaribaghTOP SLIDER

पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में युवती से शारीरिक संबंध बनाते थे डीएसपी, केस दर्ज

  • साल 2018 से 14 जून 2020 तक युवती ने आठ बार वरीय पुलिस अधिकारियों से लेकर सीएम तक से लगायी इंसाफ की गुहार, फिर भी नहीं हुई थी कार्रवाई
  • 7 दिसंबर 2020 को हजारीबाग एसपी से लिखित शिकायत करने के बाद 10 दिसंबर को इचाक थाना में दर्ज हुई डीएसपी समेत तीन पर एफआईआर
  • डीएसपी के पिता और भाई भी बनाये गये हैं अभियुक्त

Hazaribagh : जिले की एक 27 वर्षीय युवती ने एक डीएसपी पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने और नौ लाख रुपये हड़पने करने का आरोप लगाया है. आरोपी डीएसपी का नाम अरविंद कुमार है, जो हजारीबाग के दारू थाना क्षेत्र स्थित इरगा गांव के रहनेवाले हैं.

युवती की शिकायत पर इचाक थाना की पुलिस ने 10 दिसंबर को डीएसपी अरविंद कुमार के खिलाफ शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने और शादी के ही नाम पर पैसे लेने का केस (प्राथमिकी संख्या- 306/2020) दर्ज किया है. पुलिस ने डीएसपी अरविंद कुमार, उनके पिता भुवनेश्वर राम और अरविंद के बड़े भाई तुल्य मोहन राम को आईपीसी की धारा 376/493/34 और दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत अभियुक्त बनाया है. पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है. हालांकि, आरोपियों की गिरफ्तारी की कोई सूचना नहीं है.

इसे भी पढ़ें- गिरिडीह के देवरी थाना प्रभारी गौरव कुमार यौन शोषण के आरोप में गिरफ्तार

2016 में सहेली के जरिये हुई थी अरविंद से मुलाकात

बता दें कि युवती ने 10 दिसंबर को इचाक थाना में लिखित शिकायत दी है. इसमें युवती ने पुलिस को बताया है कि हजारीबाग के दारू थाना क्षेत्र स्थित इरगा गांव निवासी अरविंद कुमार से उसकी मुलाकात जुलाई 2016 में हुई थी. यह मुलाकात युवती की एक सहेली के माध्यम से हुई थी. इस मुलाकात के बाद युवती और अरविंद कुमार का मिलना-जुलना बढ़ता चला गया. उस वक्त अरविंद कुमार हजारीबाग के पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षु डीएसपी थे.

पुलिस ट्रेनिंग सेंटर के हॉस्टल के कमरे में ले जाकर भी बनाया शारीरिक संबंध

युवती ने बताया है कि उसकी और अरविंद के बीच मुलाकातों का दौर शारीरिक संबंध में तब्दील हो चुका था और करीब दो साल तक दोनों के बीच कई बार शारीरिक संबंध स्थापित होते रहे. युवती के मुताबिक, इस दौरान अरविंद उसे कई बार अपने पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में अपने हॉस्टल के रूम में ले गये और वहां उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया.

शादी करने से कर दिया इनकार, धमकी भी दी

युवती के मुताबिक, साल 2017 में उसने अरविंद कुमार से शादी की बात छेड़ी, तो इस बात को सुनकर वह फौरन भड़क गया और कहा कि मैं अभी शादी नहीं करनेवाला. लेकिन, जब भी करूंगा, तो तुम्हीं से करूंगा. इस आश्वासन के बाद युवती और अरविंद के बीच फिर से पहले की तरह ही ‘रिश्ता’ चलता रहा. युवती ने बताया कि इसके कुछ महीने बाद जब उसने फिर से शादी की बात की, तो अरविंद ने उसे बताया कि उसकी शादी कहीं और तय हो गयी है, जिसमें उसे 25 लाख रुपये दहेज और एक कार मिल रही है. इसलिए अब वह उससे शादी नहीं कर सकता है. युवती के मुताबिक, जब उसने अरविंद से मिन्नतें कीं, तो अरविंद ने अपने पद और पावर का रौब झाड़ते हुए उसे धमकाया और कहा कि तुम्हें जो करना है कर लो.

इसे भी पढ़ें- रांची में नाबालिग बच्ची को अगवा कर किया सामूहिक दुष्कर्म, एक आरोपी गिरफ्तार

डिप्रेशन में चली गयी युवती

लिखित शिकायत में युवती ने पुलिस बताया है कि अरविंद द्वारा शादी से इनकार करने और धमकी दिये जाने के बाद वह सदमे में चली गयी और डिप्रेशन की शिकार हो गयी. इसकी वजह से उसके परिजनों ने उसे इमरजेंसी में रांची स्थित सेवा सदन अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करा दिया.

अरविंद के घरवालों ने दहेज में मांगे नौ लाख 51 हजार रुपये

बेटी की ऐसी हालत को देखते हुए परिजनों ने अरविंद के माता-पिता से बात की, जिसके बाद 11 जून 2017 को दोनों परिवारों के बीच हजारीबाग सिलवार मंदिर में एक बैठक हुई. इसमें अरविंद के पिता भुवनेश्वर राम ने हालात का फायदा उठाते हुए अपने बेटे अरविंद की शादी युवती से करने के लिए दहेज में 25 लाख रुपये की मांग की. काफी मिन्नतों के बाद अरविंद के घरवाले शादी करने के लिए नौ लाख 51 हजार रुपये लेने को तैयार हुए.

पैसे लेने के बाद अरविंद के पिता बोले- ट्रेनिंग खत्म होने के बाद होगी शादी

युवती ने बताया कि उसके परिजनों ने दूर के रिश्तेदारों से 15 प्रतिशत सालाना ब्याज पर नौ लाख 51 हजार रुपये कर्ज लिया. 7 जुलाई 2017 को अरविंद के घर जाकर उसके पिता भुवनेश्वर राम और बड़े भाई तुल्य मोहन कुमार को नौ लाख 51 हजार रुपये नकद अपने कुछ रिश्तेदारों के सामने दिये. चूंकि अरविंद और उसके परिवारवाले पहले भी धोखा देने की कोशिश कर चुके थे, इसलिए युवती के घरवालों ने पैसों के लेन-देन की इस घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग कर ली थी. पैसे लेने के बाद अरविंद के पिता ने युवती के परिजनों को भरोसा दिलाया कि ट्रेनिंग खत्म होने के बाद ही अरविंद की शादी उसी युवती से होगी.

ट्रेनिंग खत्म होने के बाद शादी करने से कर दिया इनकार, दी धमकी

युवती के मुताबिक, ट्रेनिंग खत्म होने के बाद जब अरविंद की बतौर डीएसपी धनबाद में पोस्टिंग हुई, तो युवती के पिता शादी का प्रस्ताव लेकर 18 मार्च 2018 को अरविंद के पिता से मिले. इस पर अरविंद के पिता ने शादी को सिरे से नकार दिया और युवती के पिता को कानूनी दांव-पेंच में फंसाने की धमकी दी.

युवती बोली- मुख्यमंत्री कार्यालय में भी की थी शिकायत, नहीं हुई कार्रवाई

शादी से इनकार किये जाने और धमकी दिये जाने के बाद युवती और उसके परिजनों ने वरीय पुलिस अधिकारियों और मुख्यमंत्री कार्यालय में वर्ष 2018 से 14 जून 2020 तक आठ बार आवेदन देकर इंसाफ दिलाने की गुहार लगायी, लेकिन कहीं से भी इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गयी.

इसके बाद भी इस उम्मीद पर कि अरविंद अब रिश्तों को सुधार लेगा औऱ उसे अपना लेगा, युवती ने इतने दिनों तक इस संबंध में कोर्ट या थाना में शिकायत नहीं की थी. लेकिन, 29 नवंबर 2020 को उसे पता चला कि अरविंद ने 29 नवंबर 2020 को ही किसी दूसरी लड़की से शादी रचा ली है, तो वह बिखर गयी. वह फिर से डिप्रेशन में चली गयी. थोड़ा संभलने के बाद युवती ने 7 दिसंबर 2020 को हजारीबाग एसपी से पूरे मामले की लिखित शिकायत की.

एसपी ने थाना में एफआईआर दर्ज कराने को कहा, जिसके बाद युवती ने 10 दिसंबर 2020 को इचाक थाना में लिखित शिकायत कर डीएसपी अरविंद कुमार और उसके परिवारवालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराते हुए उन पर कार्रवाई की मांग की है.

अनर्गल आरोप लगाकर ब्लैकमेल कर रही है युवती : अरविंद कुमार

इधर, डीएसपी अरविंद कुमार ने पूरे आरोप को सिरे से खारिज किया है. उनका कहना है कि युवती अनर्गल आरोप लगाकर ब्लैकमेल कर रही है. उन पर लगाये गये सारे आरोप बेबुनियाद हैं.

इसे भी पढ़ें- चतरा में नाबालिग की करायी जा रही थी शादी, चाइल्ड हेल्प लाइन ने रुकवाया

Related Articles

Back to top button