
Ranchi: बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार होटवार में बुधवार को छोटू तिवारी नाम के कैदी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.
जानकारी के अनुसार छोटू तिवारी ने जेल के अंदर बने क्वारेंटाइन वार्ड में फांसी लगा लिया. छोटू तिवारी ने बीते 27 मार्च को अपनी पत्नी की कथित रूप से गला दबाकर हत्या कर दी थी जिसके बाद उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था.
जेल प्रशासन ने छोटू तिवारी के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुटी हुई है. छोटू तिवारी मूल रूप से नगड़ी का रहने वाला था.
पत्नी की हत्या का आरोपी था छोटू तिवारी
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार छोटू ने बीते 27 मार्च की रात पंडरा ओपी क्षेत्र के बगीचा टोली स्थित किराये के मकान में अपनी पत्नी अनिता देवी की गला दबाकर हत्या कर दी थी.
मकान मालिक और स्थानीय के लोगों के सहयोग से वह पकड़ा गया था. अगले ही दिन यानी 28 मार्च को पंडरा ओपी की पुलिस ने उसे जेल भेज दिया था.
कोरोना संक्रमण को देखते हुए एहतियात के तौर पर जेल प्रशासन ने छोटू तिवारी को जेल के क्वारेंटाइन वार्ड में रखा था.
इसे भी पढ़ें : #COVID -19 : स्वास्थ्यकर्मियों को न हो संक्रमण, रांची में ही बनाया जा रहा पीपीई किट
गमछे से लटक कर दी अपनी जान
छोटू तिवारी ने बुधवार को जेल के बने क्वारेंटाइन वार्ड में खुद को अकेला पाकर वार्ड की खिड़की के रॉड से गमछे के सहारे फांसी लगा ली.
इसी दौरान कक्षपाल की नजर जैसे ही उसपर पड़ी आनन-फानन में उसे उतारकर रिम्स पहुंचाया गया. रिम्स के डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. बताया जा रहा है कि जेल प्रशासन ने छोटू तिवारी के परिजन को उसकी मौत की सूचना दे दी है.
इसे भी पढ़ें : जहां सरकार नहीं पहुंचा सकी है मदद वहां से COVID-19 हेल्पलाइन टीम को मिल रही गालियां




