
Ranchi : रांची के सदर अस्पताल का सुपर स्पेशियलिटी विंग कही जानेवाली बिल्डिंग शनिवार को दो घंटे से भी ज्यादा देर तक अंधेरे में डूबी रही. शनिवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे हॉस्पिटल में बिजली कट जाने से हॉस्पिटल के आधे से ज्यादा भाग में अंधेरा छा गया. दो घंटे से भी ज्यादा समय तक बिजली कटी रही. इससे हॉस्पिटल के मरीजों को काफी परेशानी हुई. मरीज और उनके परिजन मोबाइल फोन की लाइट के सहारे अपना कार्य करने को मजबूर हो गये. सबसे ज्यादा परेशानी महिला एवं प्रसूति विभाग में हुई. इसके अलावा नवजात शिशु विभाग में भी मां और शिशु को काफी दिक्कतें हो रही थीं.
इसे भी पढ़ें- दुष्कर्म पीड़िता के परिजनों का आरोप- बिना पूरा इलाज के रिम्स ने पीड़िता को जबरन किया डिस्चार्ज
अस्पताल में भर्ती मरीज के परिजनों का कहना है कि अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही का खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ रहा है. इस संबंध में जब उपाधीक्षक से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने कॉल रिसीव करना मुनासिब नहीं समझा.




