JharkhandRanchi

अंतिम सोमवारी और बकरीद को लेकर रांची पुलिस अलर्ट, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

Ranchi : 12 अगस्त को श्रावण महीने की अंतिम सोमवारी और बकरीद को लेकर रांची पुलिस अलर्ट है. रविवार को एसएसपी अनीश गुप्ता ने जिले के सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी, डीएसपी और थानेदारों के साथ बकरीद और अंतिम सोमवारी को लेकर बैठक की. इस दौरान एसएसपी ने कहा है कि पूरे जिले को अलर्ट पर रखा गया है.

अंतिम सोमवारी और बकरीद को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं. इस दौरान किसी भी प्रकार की अनहोनी नहीं हो इसके लिए पुलिस उपद्रवियों पर भी नजर रख रखी है. कोई भी व्यक्ति कानून को अपने हाथ में लेता है तो उसके ऊपर सख्त से सख्त कार्रवाई की जायेगी.

इसे भी पढ़ें- आखिर किस पार्टी के भरोसे हेमंत कर रहे महागठबंधन बनाने का दावा !

सुरक्षा के किये गये हैं पुख्ता इंतजाम

बकरीद और सावन माह की अंतिम सोमवारी को देखते हुए डीसी राय महिमापत रे और एसएसपी अनीश गुप्ता ने संयुक्त आदेश जारी कर 121 मजिस्ट्रेट व 101 पुलिस पदाधिकारी के अलावा दो हजार से अधिक जवानों को विभिन्न जगहों पर प्रतिनियुक्त किया है.

संबंधित क्षेत्र के थानेदार को निर्देश दिया गया है कि वे अपने क्षेत्र में संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर नजर रखें. जिला में विधि व्यवस्था और शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए 12 अगस्त को सुबह छह बजे से ही कंट्रोल रूम संचालित रहेगा.

व्यवस्था की जिम्मेदारी सदर व बुंडू एसडीओ, सिटी और ग्रामीण एसपी को दी गयी है. बकरीद और अंतिम सोमवारी लेकर 12 गश्ती दल बनाये गये हैं. हर दल में एक मजिस्ट्रेट, एक पुलिस अफसर और पुलिस के जवानों को शामिल किया गया है.

प्रत्येक दल का इलाका बांटा गया है. इसके तहत बूटी मोड़ से कचहरी चौक तक, कचहरी चौक से कांटाटोली चौक तक, नामकुम चौक से सुजाता चौक तक, राजेंद्र चौक से डोरंडा चौक होते हुए बिरसा चौक तक, कडरू से कटहल मोड़ तक, अरगोड़ा चौक से हरमू बाजार होते हुए न्यू मार्केट रातू रोड तक, न्यू मार्केट रातू रोड से पंडरा तक, हनुमान मंदिर मेन रोड से कर्बला चौक होते हुए बहू बाजार तक, थड़पखना मस्जिद से कर्बला चौक तक और डेली मार्केट थाना से बड़ा तालाब के चारों ओर हिंदपीढ़ी तक विशेष रूप से गश्ती की जायेगी.

इसे भी पढ़ें- बोकारोः राधानगर और चैनपुर में भारत पेट्रोलियम कॉपोर्रेशन लिमिटेड के डिपो का शिलान्यास

सभी जिलों के एसपी को किया गया अलर्ट

बकरीद व सोमवारी के दौरान सुरक्षा को लेकर पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के एसपी को अलर्ट किया है. जिलों के एसपी को निर्देश दिया गया है कि कुछ जिलों में ऊंट की बलि रोकने के लिए राज्य के सीमावर्ती क्षेत्र में विशेष निगरानी रखने और मवेशियों के अवैध व्यापार पर रोक लगाने की आवश्यकता है.

इसके लिए चेक पोस्ट बनाकर निगरानी रखने को कहा गया है ताकि किसी भी धार्मिक स्थल के पास कोई अनहोनी घटना न हो. इसके लिए संवेदनशील धार्मिक स्थलों के पास सीसीटीवी लगाने और थाना स्तर पर अधिक सतर्कता बरतने का निर्देश संबंधित रेंज के डीआइजी और एसपी को दिया गया है. असामाजिक तत्वों पर भी कार्रवाई करने को कहा गया है.

Related Articles

Back to top button