
Ranchi : एक वर्ष पहले ही तो लव मैरेज कर संग जीने और मरने की कसमे खाई थी. जद्दोजहद कर मां-बाप को शादी के लिए तैयार किया था. लेकिन एक वर्ष बाद ही आंकाक्षा (काल्पनिक नाम) का सुहाग उजड़ गया. उसके पति सूरज की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गयी. सूरज को उसके परिवार वाले रिम्स इलाज कराने पहुंचे थे. लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी.
सूरज अपनी आखरी सांस ले चुका था. 23 वर्षीय सूरज निजी काम कर अपना और अपने परिवार का जीवन यापन कर, एक खुशहाल जीवन व्यतित कर रहा था. लेकिन ऐसी क्या वजह हो गयी जिसकी कीमत उसे अपनी जान गवां कर चुकानी पड़ी. बहरहाल रिम्स पहुंचने के बाद लड़का और लडकी दोनों के परिवार आपस में ही भीड़ गए. सूरज के चाचा बार-बार लड़की को ही सूरज की मौत के दोषी ठहरा रहे थे. लेकिन लड़की घरवाले इसे आत्महत्या या हार्ट अटैक से हुई मौत बता रहे हैं.
मेरे बेटे को मार दिया गया : दिनेश
सूरज के चाचा दिनेश चौधरी ने बताया कि मेरे बेटे की हत्या की गयी है. मेरा बेटा पूरी तरह से स्वस्थ्य और निरोग था. बेड से गिरने पर उसकी मौत नहीं हो सकती है, जरूर उसे मारा गया है. उन्होंने बताया कि सूरज ने अपने दोस्त को फोन कर मदद के लिए बुलाया था. वहीं परिवार के सदस्यों को इसकी सूचना तक नहीं दी गई. पड़ोसियों से मालूम हुआ की ऐसी घटना घटी है.
अचानक कैसे क्या हो गया नहीं पता : आकांक्षा
सूरज की पत्नी आकांक्षा ने बताया कि सूरज कमरे में जाकर कपड़ा चेंज कर रहे थें. जब मैने दरवाजा खोला तो वे जमीन पर गिरे पड़े थे. मैं अपने पति को क्यों मारुंगी. घर पर कोई था ही नहीं तो कैसे कोई बोल सकता है कि हमने अपने पति को मारा है. मेरा छोटा भाई घर पर था, उसे भी लकवा मारा हुआ है. वो ऐसा कुछ कर पाने में सक्षम ही नहीं है.
कार्तिक पूर्णिमा का स्नान करने गयी थी दोनो की मां
लड़की के पिता सुब्रतो बनर्जी ने बताया कि लड़के की मां और लड़की की मां दोनों कार्तिक पूर्णिमा का स्नान करने बेडो गयी थीं और हम काम पर चले गए थे. घटना के वक्त घर में सिर्फ सूरज और आकांक्षा दोनों ही थे. मुझे लगता है सूरज की मौत हार्ट अटैक से हुई होगी.
लडके के घरवालों ने जतायी है हत्या की आशंका : अनूप
इस मामले में पंडरा ओपी प्रभारी अनूप भेंगरा ने बताया कि लड़के के घरवालों ने हत्या के प्रति अंदेशा जाहिर की है. प्रथम दृष्टिया देखते हुए इस मामले पर हत्या का मामला दर्ज किया जायेगा. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी.




