
Ranchi : वीडियो पत्रकार बैजनाथ महतो की आज सोमवार सुबह इलाज के दौरान रिम्स में मृत्यु हो गई. बैजनाथ महतो पर सदर थाना क्षेत्र के तिरिल बस्ती में 11 सितंबर की देर रात कुछ लोगों हत्या की नीयत से जानलेवा हमला किया था. इसके बाद पुलिस पीसीआर की गाड़ी ने मरणासन्न अवस्था में बैजनाथ महतो को 12 सितंबर की सुबह 3:00 बजे रिम्स अस्पताल में भर्ती करवाया था.
रिम्स के न्यूरो वार्ड के आईसीयू में बैजनाथ का इलाज चल रहा था. बैजनाथ महतो शहर के एक निजी चैनल में वीडियो जर्नलिस्ट के पद पर कार्यरत थे. इस घटना से उनका परिवार काफी आहत हैं.
इसे भी पढ़ें :कांड्रा से लापता मनीष का 11वें दिन भी कोई सुराग नहीं, परिजनों से मिलने घर पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री
मुख्य आरोपी हो चुका है गिरफ्तार
आपको बता दें कि एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा के निर्देश पर एसआईटी गठित की गयी थी. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए रांची पुलिस की टीम ने राज्य के बाहर अलग-अलग क्षेत्रों में छापेमारी की थी. बैजनाथ पर हमला करने के मुख्य आरोपी बेंगा उर्फ आकाश को बिहार के गया से गिरफ्तार किया था.
इसे भी पढ़ें :बॉस को सलाम करो नहीं तो और बुरा अंजाम होगा
राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने जताया शोक
राज्यपाल रमेश बैस और सीएम हेमंत सोरेन ने बैजनाथ महतो के निधन पर शोक जताया है. इनके साथ ही सहित प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर और अन्य कई नेताओं ने भी शोक जताया है.
रघुवर ने परिजनों के लिए मांगा मुआवजा
पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने भी बैजनाथ के निधन पर दुख जताया है. उन्होंने कहा कि बैजनाथ प्रदेश की खराब कानून व्यवस्था का शिकार हो गये. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति और उनके परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करे.
रघुवर ने कहा कि राज्य सरकार उनके परिजनों को सरकारी नौकरी और मुआवजा दे. आज राज्य में न तो जज सुरक्षित हैं और न ही पत्रकार तो आम लोगों की सुध कोई क्या लेगा. राज्य की असंवेदनशील सरकार के कारण राज्य में अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है.
इसे भी पढ़ें :खलारी में सीसीएलकर्मी की संदिग्ध हालत में मिली लाश, हत्या की आशंका




