
Ranchi: लॉकडाउन के दौरान बंद हुए कारोबार को फिर से जमाने के चक्कर में रांची के अपर बाजार का एक व्यवसायी कर्ज के बोझ तले दब गया. कर्ज देने वालों के बकाये से क्षुब्ध होकर थाना परिसर में आत्मदाह की कोशिश की. गनीमत रही कि थाने में मौजूद पुलिसकर्मियो ने उसे बचा लिया.
अपर बाजार के मैकी रोड निवासी कपड़ा व्यवसायी सोनू जायसवाल ने कर्जदारों के तकादे और धमकियों से तंग आकर बुधवार की शाम कोतवाली थाने में खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने की कोशिश की. पूछताछ में सोनू ने पुलिस को बताया कि उसकी कपड़े की दुकान श्रद्धानंद रोड पर थी. लॉकडाउन के दौरान दुकान बंद हो गई. व्यवसाय को बढ़ाने के लिए घर भी बेच दिया था. कई लोगों से कर्ज भी लिया था. मगर न तो व्यवसाय बढ़ा और न ही दुकान चली. हालत ऐसी हो गई कि दुकान को भी बंद करना पड़ा.
उसने बताया कि अब उसके पास कर्ज चुकाने के लिये पैसे नहीं हैं. कर्ज देने वाले लगातार पैसे वापस करने की मांग कर रहे हैं. घर पर आकर उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट करते हैं. जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है. इससे तंग आकर उसने यह कदम उठाया था.
तफ्तीश में जुटी पुलिस
वहीं दूसरी तरफ कोतवाली पुलिस इस मामले की तफ्तीश में जुटी हुई है कि आखिर कौन से वे लोग हैं जो सोनू जयसवाल के साथ उसे घर जाकर मारपीट करने के साथ हैं और जान से मारने की धमकी देता था.




