
रामगढ़ : नववर्ष के पहले दिन गुरुवार को रजरप्पा स्थित छिन्नमस्तिका मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। इस दौरान लगभग 50 हजार से ज्यादा की संख्या में श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना के साथ पिकनिक का भी आनंद उठाया। पूजा अर्चना के लिए अहले सुबह से ही लोगों का आवागमन शुरू हो गया था। लोग यहां पहुंचकर दामोदर भैरवी संगम स्थल में स्नान ध्यान कर हाथों में पूजा की थाली लेकर मुख्य मंदिर पहुंचे। और कतारबद्ध होकर अपनी बारी का इंतेजार करते रहे। बारी आने पर मंदिर में प्रवेश कर मां भगवती की पूजा अर्चना कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

पूजा अर्चना के पश्चात लोगों ने दामोदर एवं भैरवी नदी के तट पर अपने दोस्तों और परिजनों के साथ पिकनिक मनाते हुए नववर्ष के आगमन की खुशियां मनाई। इसके अलावे रजरप्पा मंदिर परिसर के पास अवस्थित दामोदर नदी में सैकड़ों लोगों ने नौका विहार का भी जमकर आनंद लिया। रजरप्पा के दामोदर एवं भैरवी नदी के अलावे बाह्मणधारा सहित क्षेत्र के सभी पिकनिक स्पॉट पर सुबह से ही पिकनिक मनाने के लिए काफी संख्या में लोग जुटे रहे।
रामगढ़ एसपी ने संभाली विधि-व्यवस्था की कमान
नववर्ष के पहले दिन गुरुवार को रजरप्पा के मां छिन्नमस्तिका मंदिर में कई वीआईपी लोगों के अलावे लगभग 50 हजार से ज्यादा की संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी हुई थी। इस दौरान मंदिर परिसर में शांति व्यवस्था बनी रहे और बाहर से आए श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कोई परेशानी ना हो, इसे लेकर रामगढ़ जिले के पुलिस अधीक्षक अजय कुमार स्वयं रजरप्पा मंदिर परिसर में सुबह से ही तत्पर दिखे। एसपी अजय कुमार सुबह 10 बजे ही सिविल ड्रेस में रजरप्पा मंदिर पहुंच गए और करीब 6 घंटे तक मंदिर प्रक्षेत्र में ही डटे रहे।

इस दौरान उन्होंने पूरे मंदिर प्रक्षेत्र का दौरा कर वहां की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पुलिस जवानों को दिशा-निर्देश देते रहे। एसपी की मौजूदगी में यहां काफी व्यवस्थित ढंग से लोगों ने कतारबद्ध होकर मंदिर में प्रवेश किया और मां छिन्नमस्तिके की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके अलावा नववर्ष के पहले दिन यहां अप्रत्याशित भीड़ होने के बावजूद मंदिर प्रक्षेत्र में किसी तरह की अफरातफरी नहीं हुई। क्योंकि बड़े वाहनों को एक किलो मीटर पूर्व ही रोक दिया गया था। लोग पैदल ही मंदिर तक पहुंचे। एसपी के साथ रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार सहित पुलिस बल के कई जवान शामिल थे।




