
Ranchi: सीएम हेमंत सोरेन ने रामगढ़ की जनता से महागठबंधन प्रत्याशी बजरंग महतो के लिये वोट मांगा. रविवार को गोला (रामगढ़) में बजरंग के समर्थन में चुनावी सभा में कहा कि विपक्ष ने कभी भी आदिवासी-मूलवासी का नेतृत्व स्वीकार नहीं किया. छत्तीसगढ़ से आये एक व्यक्ति ने यहां पांच साल तक शासन चलाया. उसकी सहयोगी आजसू पार्टी ने भाजपा का खूब साथ दिया. आज हम सरकार चला रहे हैं तो इन्हें दिक्कत हो रही है. यह दिल्ली जाकर बोलते हैं सरकार गिरा दो. मौके पर बजरंग महतो सहित यूपीए के कई नेता भी मौजूद थे.
विपक्षियों के षड्यंत्र से नहीं डरने वाली है सरकार
हेमंत ने अपने भाषण में विपक्षियों पर जोरदार हमला बोला. कहा कि यह आदिवासी-मूलवासी की मजबूत सरकार है, इनके षड्यंत्र के सामने डिगने वाली नहीं है. विपक्ष नहीं चाहता कि झारखण्ड के आदिवासी-मूलवासी आगे बढ़ें. झारखण्ड के युवाओं के लिए सरकार नियोजन नीति लेकर आयी. भाजपा-आजसू ने बाहरी राज्यों के लोगों के साथ मिलकर उसे रद्द करवा दिया. झारखण्ड के युवाओं को नौकरी मिलती है तो विपक्ष और बाहरी लोगों के पेट मे दर्द क्यूँ होता है?
विपक्ष को लगेगी बच्चे की हाय
ममता देवी के बच्चे के लिये अपील करते हुए कहा कि रामगढ़ की पूर्व विधायक ममता देवी के महीने भर के मासूम बच्चे की क्या गलती थी? विपक्ष ने उससे उसकी मां का दूध भी छुड़ा दिया. इन्हें इस मासूम बच्चे की हाय जरूर लगेगी. विपक्ष को उन बुजुर्गों की भी हाय लगेगी जिन्हें वर्षों तक इन्होंने पेंशन के लिए ब्लॉक ऑफिस के चक्कर कटवाए. जबकि हमारी सरकार ने घंटों में सभी जरूरतमंदों को उनके पंचायत में शिविर लगाकर पेंशन देने का काम किया, उन्हें अधिकार दिया. आगामी रामगढ़ उपचुनाव में यहां की जनता झारखण्ड की आदिवासी-मूलवासी सरकार के हाथ मजबूत करने के लिए अपना वोट डालेगी. पूर्व विधायक ममता देवी और उनके मासूम बच्चे के लिए चुनाव लड़ेगी. सीएम ने जनता से 27 फरवरी को 1 नंबर पर बटन दबाकर कांग्रेस (महागठबंधन) के प्रत्याशी बजरंग महतो को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की.
इसे भी पढ़ें: झारखंड के सरकारी स्कूलों का परीक्षा कैलेंडर जारी




