
Bhubneswar : ओड़िशा के गजपति जिले में तितली तूफान के बाद हुई भारी वर्षा के कारण हुए भूस्खलन में कम से कम 12 लोगों के मारे जाने की आशंका है, चार लोग लापता बताये गये हैं. यह जानकारी विशेष राहत आयुक्त बीपी सेठी ने शनिवार को दी. राहत आयुक्त के अनुसार भूस्खलन की घटना उस समय घटी, जब शुक्रवार शाम भारी बारिश के बाद कुछ ग्रामीण एक गुफानुमा जगह में शरण लेने पहुंचे. इस क्रम में राहत आयुक्त सेठी ने कहा कि गजपति जिले के रायगडा प्रखंड के अन्तर्गत बरघारा गांव में भारी बारिश से हुए भूस्खलन में 12 लोगों के मरने की खबर मिली है. चार लोग लापता हैं, जो मलबे में दबे हो सकते हैं. उन्होंने जानकारी दी कि गजपति जिला के जिलाधिकारी को घटनास्थल पर जाकर स्थिति का जायजा लेकर विस्तृत रिपोर्ट देने को कहा गया है.
इसे भी पढ़ेंः प्रधानमंत्री को मिली जान से मारने की धमकी, पुलिस कमीश्नर को भेजा एक लाइन का ईमेल
नवीन पटनायक प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे
विशेष राहत आयुक्त ने कहा कि भूस्खलन की रिपोर्ट मिलने के बाद सरकारी प्रावधानों के आलोक मे प्रभावित लोगों को आर्थिक सहायता मुहैया कराई जायेगी. बताया गया कि लगातार बारिश से प्रभावित इलाके में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के सदस़्यों सहित बचाव दल को भेजा गया है. कहा कि पालसा के नजदीक गोपालपुर के दक्षिण-पश्चिम में गुरुवार को चक्रवात के कारण भूस्खलन हुआ था. जानकारी दी गयी है किअन्य इलाकों में पानी घट रहा है. वहां राहत एवं बचान अभियान जोर पकड़ने लगा है. बताया गया कि मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने स्थिति की समीक्षा की है. वे गंजम, गजपति और रायगढ़ा जिलों सहित कुछ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे.




