
New Delhi: तीन राज्यों में बीजेपी की हार के बाद पार्टी ने तीनों राज्यों के पूर्व सीएम को पार्टी में बड़ी जिम्मेदारी दी है. भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों शिवराज सिंह चौहान, रमन सिंह व वसुंधरा राजे को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया है. पार्टी की राष्ट्रीय परिषद की बैठक से ठीक पहले ये निर्णय लिया गया है. और शुक्रवार से दिल्ली में होनेवाली दो दिवसीय बैठक में ये तीनों नेता मंच पर नई जिम्मेदारी को संभालते नजर आयेंगे.
सूत्रों की मानें, तो इन तीनों नेताओं को लोकसभा चुनाव लड़ने को कहा गया है. बताया जा रहा है कि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में मिली चुनावी हार के बाद ही ये तय हो गया था कि इन राज्यों में नेतृत्व में बदलाव किया जायेगा. इसे लेकर तीनों नेताओं को राष्ट्रीय राजनीति से जोड़ा गया है. ताकि राज्यों में नया नेतृत्व उभारा जा सके.
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भाजपा पहले से ही नए नेताओं को विधायक दल का नेता चुन चुकी है. अब राजस्थान में भी नया नेता चुना जाएगा. तीनों नेताओं को लोकसभा चुनावों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों से भी जोड़ा जाएगा. इसे पार्टी में दूसरी मजबूत लाइन तैयार करने की दृष्टि से भी देखा जा रहा है.
इस वजह से बनें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष
शिवराज सिंह भले ही चुनाव में मिली हार के बाद भी कहते रहें कि वो प्रदेश राजनीति में ही रहेंगे. लेकिन मध्य प्रदेश में गोपाल भार्गव को सदन में नेता प्रतिपक्ष बनाये जाने के बाद ही साफ हो गया था कि शिवराज को केंद्र की राजनीति में लाया जाएगा. मध्यप्रदेश में शिवराज सिंह तीन बार मुख्यमंत्री बन चुके हैं. राज्य के संगठन पर मजबूत पकड़ रखने वाले शिवराज केंद्र में पार्टी संगठन को मजबूती दे सकते हैं.
जबकि तीन बार छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह की कामकाज का तरीका पार्टी को लाभ पहुंचा सकता है. बात करें राजस्थान की तो सीएम रहीं वसुंधरा राजे की पार्टी संगठन के कुछ नेताओं से गहरे मतभेद होने की बात सामने आ रही थी. ऐसे में लोकसभा चुनाव के ठीक पहले पार्टी ने उन्हें राज्य से उठाकर केंद्रीय संगठन में जगह दी गई है.
इसे भी पढ़ेंः स्किल समिट में नौकरी लेने आये युवाओं ने कहा- बेवकूफ बना रही सरकार




