
Ranchi: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने खूंटी लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी अर्जुन मुंडा के लिए लोगों से जनसमर्थन मांगा. खूंटी में आयोजित नामांकन जनसभा में केंद्र सरकार के स्तर से जनजाति समाज के लिए किए जा रहे प्रयासों का जिक्र करते हुए अर्जुन को रिकॉर्ड मतों से जीत दिलाने की अपील की. कहा कि अर्जुन मुंडा के बारे में बताने की जरूरत नहीं. यहां सीएम के तौर पर और केंद्र में मंत्री के तौर पर उनके योगदान को सबों ने देखा है.


अलग राज्य बनने के बाद झारखंड में बाबूलाल, अर्जुन और रघुवर दास यहां सीएम बने पर भ्रष्टाचार का दाग किसी पर भी नहीं लगा. हेमंत सोरेन का नाम लिए बगैर कहा कि इस राज्य के एक पूर्व सीएम कहां हैं, बताने की जरूरत नहीं. अपने इतने लंबे राजनीतिक जीवन में उन्होंने कभी नहीं सुना कि कोई सीएम डेढ दिनों तक लापता रहा. राजनीति अपने परिवार नहीं, समाज और देश के लिए की जानी चाहिए. मौके पर अर्जुन मुंडा, बाबूलाल मरांडी, विद्युत वरण महतो, सुदेश महतो, रविंद्र राय, नीलकंठ मुंडा, कोचे मुंडा, रामचंद्र चंद्रवंशी सहित कई भाजपाई नेता और सपोर्टर भी उपस्थित थे.


तपस्वी पीएम की है जरूरत
राजनाथ सिंह ने कहा कि देश को बनाने को मोदीजी ने जनता के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर रखा है. 24 में से 18 घंटे वे काम करते हैं. उनसे वरिष्ठ होने के बावजूद वे अभी चार-पांच चुनावी सभाएं कर रहे हैं. रात दस बजे भी बैठक करते हैं. ऐसा ही तपस्वी पीएम देश को चाहिए. पहले सब भारत को गरीबों का देश कहते थे. अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी सुना नहीं जाता था. अब 2014 के बाद से बदलाव आया है. दुनिया कान खोलकर सुन रही है. दस साल पहले अर्थव्यवस्था के मामले में देश 11वें स्थान पर था जिसे सात वर्षों में पांच टॉप में लाया गया. अब दुनिया के बड़े फर्म मान रहे कि यह देश अर्थव्यवस्था के मामले में सबसे तेजी से बढ रहा. ढाई सालों बाद यह अमेरिका, चीन के बाद तीसरी पोजिशन पर होगा.
राजनाथ सिंह ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार वाजपेईजी की सरकार में जनजातीय मंत्रालय का गठन हुआ. भगवान बिरसा मुंडा के साथ-साथ चांद भैरव, सिदो-कान्हो सहित अन्य नायकों को भाजपा सरकार ने सम्मान दिया. जनजातीय मंत्रालय का बजट 6 गुना तक बढाया गया. केंद्र की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर लाया गया. रूस-यूक्रेन के युद्ध के बीच 4500 स्टूडेंट्स को सुरक्षित देश वापस लाया गया. कांग्रेस के घोषणा पत्र को उन्होंने समाज को तोड़ने की साजिश बताया. कहा कि संसाधनों का बंटवारा अल्पसंख्यक खासकर मुस्लिमों में करने की बात कांग्रेस कह रही. भाजपा जात, धर्म से ऊपर उठकर आवास, शौचालय, मुफ्त राशन वगैरह का लाभ दे रही.
देश का नेता चुनने का समय
मौके पर सुदेश महतो, बाबूलाल, अर्जुन मुंडा सहित सबों ने कहा कि अबकी बार 400 पार के नारे को साकार करने को राज्य से सभी 14 सीटों पर जीत जरूरी है. वर्तमान चुनाव पंचायत, प्रदेश का नहीं, देश का नेता चुनने का है. इससे पहले अर्जुन मुंडा ने खूंटी में नामांकन किया और कचहरी से नामांकन जनसभा स्थल तक रोड शो भी निकाला गया.




