National

देश के कई हिस्सों में बारिश का कहरः यूपी में 15 लोगों की मौत, असम में बाढ से 8.5 लाख लोग प्रभावित

New Delhi: देश के कई राज्यों में बारिश लोगों पर कहर बनकर बरसी है. यूपी में पिछले कई दिनों से हो रही बारिश के कारण 15 लोगों के मारे जाने की खबर है.

वहीं शुकवार को पूर्वोत्तर के कई हिस्सों में जमीन दरकने और मकान गिरने की घटनाओं में कम दस लोगों की मौत हो गई.

असम में करीब साढ़े आठ लाख की आबादी भारी बारिश और बाढ़ से प्रभावित हैं. वहीं, उत्तर प्रदेश में बारिश के कारण 133 इमारतों को नुकसान पहुंचने की भी खबर है.

एक ओर जहां कई राज्यों में बारिश ने परेशानी बढ़ा दी है. वहीं राजधानी दिल्ली को अभी बारिश का इंतजार है. शुक्रवार को गर्मी और उमस के बीच अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से तीन डिग्री ऊपर है. राजधानी में 15-16 जुलाई को बारिश की उम्मीद है.

यूपी में 15 लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में पिछले कई दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही है. प्रदेश के कई जिलों में हुई भीषण बारिश और आंधी-तूफान ने कहर बरपाया है.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पिछले 72 घंटों में प्रदेश के 14 जिलों में करीब 15 लोगों की मौत हो चुकी है. जबकि आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 9 से 12 जुलाई के बीच वर्षा जनित हादसों में करीब 133 इमारतें ढह गईं हैं.

केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) की गुरुवार की रिपोर्ट के अनुसार, कानपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी, गाजीपुर और बलिया में गंगा नदी में पानी बढ़ रहा है.

जबकि रामगंगा नदी कालागढ़ (बिजनौर) और बरेली में उफान पर है. कालपी (जालौन) और नैनी (प्रयागराज) में यमुना का जलस्तर बढ़ रहा है.

सीतापुर और सुल्तानपुर में गोमती नदी उफान पर है, जबकि शारदा नदी पलियांकलां (लखीमपुर) में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है और शारदा नगर में जलस्तर में इजाफा हुआ है.

असम में साढ़े लाख की आबादी प्रभावित

पूर्वोत्तर में भारी बारिश के कारण असम में छह लोगों की मौत हो गई. अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम में बारिश से संबंधित घटनाओं में दो-दो लोगों ने अपनी जान गंवाई.

ब्रह्मपुत्र और उसकी सहायक नदियों के पानी से जूझ रहे असम राज्य के 33 जिलों में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है. यहां बाढ़ से छह लोगों की मौत हुई है और 8.7 लाख लोग प्रभावित हुए हैं.

सिक्किम में रांगपो और 32 नम्बर राजमार्ग पर भी भूस्खलन हुआ है. और वहां युद्धस्तर पर मरम्मत और जीर्णोद्धार का काम चल रहा है, लेकिन भारी और लगातार बारिश से बाधा उत्पन्न हो रही है.

पश्चिम बंगाल में सेतीझोरा और कालीझोरा के बीच लगभग पांच स्थानों पर पहाड़ियों का एक बड़ा हिस्सा ढह गया है और राजमार्ग अवरुद्ध हो गया है.

पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश ने उत्तर बंगाल में सामान्य जीवन को खतरे में डाल दिया है, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो रही है और पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन हो रहा है.

न्यूजलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार में पैसेंजर ट्रेन सेवा रोक दी गई है. नार्थ फ्रंटियर रेलवे अधिकारी ने यह जानकारी दी.

बारिश ने पंजाब और हरियाणा के बड़े हिस्सों को भी प्रभावित किया, जिससे अधिकांश जगहों पर अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे आ गया. चंडीगढ़ में लगातार दूसरे दिन सुबह भारी बारिश हुई.

Related Articles

Back to top button