National

सुरक्षा चूक को लेकर इंडिगो एयरलाइन के चार अधिकारियों को DGCA का नोटिस

New Delhi : डीजीसीए ने सुरक्षा चूक को लेकर इंडिगो एयरलाइन के चार वरिष्ठ अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है.

फिलहाल, इंडिगो भारत में प्रमुख एयरलाइन है और घरेलू यात्रियों के मामले में इसकी करीब 50 फीसदी बाजार हिस्सेदारी है.

एयरलाइन की बही-खातों की जांच में सुरक्षा चूक पाई गयी

घटनाक्रम से करीबी तौर पर जुड़े सूत्रों के मुताबिक डीजीसीए की एक विशेष ऑडिट टीम ने एयरलाइन की बही-खातों की अपनी जांच में सुरक्षा चूक पाई, जिसके बाद यह कदम उठाया गया.

सूत्रों ने बताया कि नागरिक विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने गुड़गांव स्थित इंडिगो के कार्यालय में आठ और नौ जुलाई को ऑडिट किया.

इनको जारी किया गया नोटिस

एक सूत्र ने बताया कि इंडिगो के जिन चार अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है उनमें प्रशिक्षण प्रमुख कैप्टन संजीव भल्ला, उड़ान सुरक्षा प्रमुख कैप्टन हेमंत कुमार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष-परिचालन कैप्टन असीम मित्रा और कैप्टन राकेश श्रीवास्तव (गुणवत्ता आश्वासन एवं परिचालन सुरक्षा) शामिल हैं. नियामक ने उन्हें नोटिसों का जवाब देने के लिए 15 दिनों का वक्त दिया है.

एयरलाइनों-हवाईअड्डों की विशेष ऑडिट कर रहा डीजीसीए

डीजीसीए सभी एयरलाइनों और हवाईअड्डों की विशेष ऑडिट कर रहा है, जो मॉनसून की बारिश वाले इलाकों में हैं. देश भर में विमानों के उतरने के दौरान हुई कई घटनाओं के मद्देनजर ऐसा किया जा रहा है.

भल्ला को भेजे अपने नोटिस में नियामक ने कहा है कि कई मामलों में पायलटों का सुधारात्मक प्रशिक्षण या तो नहीं कराया गया, या उसमें देर की गई.

Related Articles

Back to top button