
Deoghar: पश्चिम बंगाल के आसनसोल में शनिवार को मुथूट फाइनेंस के दफ्तर से 12 किलो सोना व 3 लाख रुपये की लूट की घटना के बाद सोमवार को देवघर के जसीडीह स्थित कई होटलों में छापेमारी की गई.
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को पश्चिम बंगाल पुलिस की टीम देवघर पहुंची. दरअसल पुलिस को इस बात की सूचना मिली थी कि अपराधी जसीडीह स्थित होटल में छुपे हुए हैं. मोबाइल लोकेशन के आधार पर जसीडीह स्टेशन के पास स्थित चार होटलों की तलाशी ली गई.
तलाशी अभियान मुख्यालय डीएसपी मंगल सिंह जामुदा और नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई. तलाशी के दौरान चार अपराधियों के जसीडीह के एक होटल में ठहरने की जानकारी मिली. आसनसोल में घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी शनिवार की रात इस होटल में ठहरे थे. हालांकि अपराधी रविवार को ही होटल छोड़कर जा चुके थे. पुलिस ने होटल के रजिस्टर को खंगाला. उसमें दर्ज नाम, मोबाइल नंबर, आधार कार्ड नंबर के आधार पर अब बदमाशों की तलाश की जा रही है.
बताया जाता है कि बदमाश यहां किसी गाड़ी से नहीं आए थे और वे यहां यात्री के तौर पर ठहरे थे. ज्ञात हो कि आसनसोल में लूट की घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी बाइक से भाग निकले थे. उसके बाद से आसनसोल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी थी. आसनसोल पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज व मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस अपराधियों को तलाशते हुए देवघर पहुंची थी.
इसे भी पढ़ें – MGM : साढे़ 10 बजे रिम्स रेफर किये गये अर्जुन पात्रो के परिजन रात 1 बजे तक ढूंढ़ते रहे एंबुलेंस, इलाज बिना मर गया मरीज




