
Ranchi: रांची पुलिस ने रातू इलाके से अपहृत युवक को चान्हो थाना क्षेत्र से बरामद कर लिया है. अपहृत युवक को सकुशल बरामद करते हुए घटना में संलिप्त पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. इनमें रातू थाना क्षेत्र के सुमित उरांव, बबलू महली, मांडर थाना क्षेत्र के अविनाश उरांव, पूनई उरांव और चान्हो थाना क्षेत्र के हरि महली का नाम शामिल है. इन लोगों के पास से घटना में प्रयुक्त एक महिंद्रा पिकअप वाहन, एक भुजाली, चाकू, टैब, नशीली दवा, घटना में प्रयुक्त किया गया छह मोबाइल फोन, अपहृत का मोबाइल एक, अपहृत का हाथ पैर बांधने में इस्तेमाल किया गया तीन गमछा बरामद किया गया. घटना की जानकारी देते हुए ग्रामीण एसपी नौशाद आलम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 23 अगस्त को रातू निवासी रमेश तिग्गा ने थाने में शिकायत की थी कि उसके पुत्र प्रीतम तिग्गा वॉलीबाल खेलने गया था, इसी दौरान अपहरण कर लिया गया है. पुत्र को छोड़ने के लिए एवज में अपहरणकर्ता 25 लाख रुपये की फिरौती की मांग रहे है. मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी मुख्यालय-2 प्रवीण कुमार सिंह के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया. पुलिस तकनीकी शाखा और गुप्तचरो की मदद से अपहृत प्रीतम तिग्गा को चान्हो थाना क्षेत्र के भोला महली के बंद घर से सकुशल बरामद किया. छापेमारी टीम में रातू थाना प्रभारी आभास कुमार, रंजय कुमार, राहुल कुमार, अभय कुमार, नीतीश कुमार, उज्ज्वल कुमार, नवीन कुमार, हरि उरांव, लाल बाबू राय सहित सशस्त्र बल शामिल थे.
इसे भी पढ़ें: सब जूनियर राष्ट्रीय ग्रेपलिंग कुश्ती पदक विजेता खिलाड़ियों को खेल मंत्री ने किया सम्मानित




