NEWS

राहुल गांधी का योग दिवस पर तंज, हमलावर हुई BJP

New Delhi : कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सेना की ‘डॉग यूनिट’ के योग कार्यक्रम से जुड़ी तस्वीरें साझा करते हुए सरकार पर तंज किया.

गांधी ने ट्विटर पर ‘डॉग यूनिट’ के एक योग कार्यक्रम की तस्वीरें साझा करते हुए न्यू इंडिया लिखा. उन्होंने जो तस्वीरें साझा की हैं उनमें ‘डॉग यूनिट’ से जुड़े जवानों के साथ खोजी कुत्ते भी योगासन की मुद्रा में नजर आ रहे हैं.

राहुल के इस ट्वीट पर हमला बोलते हुए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने आरोप लगाया कि गांधी ने योग दिवस का मजाक बनाया और सुरक्षा बलों का अपमान किया. कांग्रेस अध्यक्ष के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए शाह ने कहा कि कांग्रेस नकारात्मकता के साथ है. वे योग दिवस और सुरक्षा बलों का अपमान कर रहे हैं. आशा करता हूं कि उसमें सकारात्मकता की भावना पैदा होगी.


रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि जब कोई बार-बार हमारी सेना का अपमान करता है तो यही प्रार्थना की जा सकती है कि हे भगवान सदबुद्धि दे! उन्होंने ट्वीट किया कि आपसे ससम्मान करना चाहता हूं कि राहुल गांधी जी, ये भारतीय सेना के गौरवांवित सदस्य हैं और वे हमारे देश की सुरक्षा में योगदान देते हैं.

भाजपा नेता नलिन कोहली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मादी के तहत नया भारत बना है और राहुल गांधी के ट्वीट से खुलासा होता है कि उनके तहत नयी कांग्रेस बनी है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के लिए जीवन मजाक है और वह उस तरह के पोस्ट करने के अवसर ढूंढते रहते हैं जो उन्हें उनके पसंदीदा पिडी (राहुल का पालतू कुत्ता) की याद दिलाए.


वहीं सिनेमा जगत के जाने माने एक्टर परेश रावल ने भी राहुल के ट्वीट पर जवाब देते हुए कहा कि जी हां यह न्यू इंडिया है राहुल जी जहां कुत्ते भी आपसे ज्यादा स्मार्ट हैं.

गौरतलब है कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रांची और कई मंत्रियों ने अलग-अलग जगहों पर योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया.

Related Articles

Back to top button