
आंदोलन पर डटे किसान आज करेंगे भूख हड़ताल
New delhi : दिल्ली की सीमाओं पर किसानों के आंदोलन का 27 वें दिन भी जारी है. किसान आज भूख हड़ताल पर करेंगे. इधर, सरकार की ओर से फिर वार्ता का निमंत्रण किसानों को दिया गया है. किसानों ने फैसला लिया है अब जब प्रधानमंत्री रेडियो पर मन की बात करेंगे, देश भर में किसान ताली व थाली बजाएंगे.
किसान तय करें बातचीत का वक्त
कृषि मंत्रालय ने किसान संगठनों से बातचीत का प्रस्ताव भेजा है. कृषि मंत्रालय ने किसान संगठनों को एक चिट्ठी लिखी है, जिसमें सरकार की ओर से बातचीत की मंशा जाहिर की गई है. बातचीत कब करनी है, ये किसान तय कर सकते हैं. मालूम हो कि अबतक किसान व सरकार के बीच 6 दौर की बातचीत फेल हो चुकी है.
हर धरनास्थल पर भूख हड़ताल
कृषि कानून की वापसी पर किसान लगातार अड़े हुए हैं. इसी बीच आंदोलन को धार देते हुए किसानों ने सोमवार को भूख हड़ताल का ऐलान कर दिया है. किसान संगठन आज हर धरना स्थल पर भूख हड़ताल पर बैठेंगे. इससे पहले भी किसानों ने भारत बंद, भूख हड़ताल बुलाया था.
अब तक 33 किसान गंवा चुके हैं जान
आंदोलन शुरू होने के बाद ठंड, अवसाद व दुर्घटनाओं में अब तक 33 किसान अपनी जान गंवा चुके हैं. इससे किसानों का गुस्सा बढ़ रहा है. एक दिन पूर्व किसानों ने जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि दी है.
फेसबुक ने अकाउंट किया ब्लॉक
किसानों ने आंदोलन को धार देने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया. किसानों का आरोप है कि फेसबुक ने किसान एकता मोर्चा का अकाउंट ब्लॉक कर दिया, जिसपर खूब बवाल मचा. जिसके बाद अकाउंट को चालू कर दिया गया है.
इसे भी पढ़ेंः दूसरे की जमीन पर कब्जा कर अवैध वसूली कर रहे दबंग, प्रशासन मौन




