National

#CAAProtest : प्रियंका गांधी इंडिया गेट पहुंचीं,  CAA और NRC को गरीबों के खिलाफ करार दिया

NewDelhi : कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा देर शाम दिल्ली के इंडिया गेट पहुंचीं. जहां प्रदर्शनकारी मौजूद  थे. उन्होंने वहां कहा कि नागरिकता कानून (CAA) और  NRC गरीबों के खिलाफ है.  इससे गरीबों पर सबसे ज्यादा असर पड़ेगा. दिहाड़ी मजदूर नागरिकता के लिए दस्तावेज कहां से लाएंगे? साथ ही कहा कि प्रदर्शन  शांतिपूर्ण होना चाहिए. जान लें कि शुक्रवार को दिल्ली के दरियागंज इलाके में संशोधित नागरिकता कानून (CAA)के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान हिंसा भड़क गयी.

खबर है कि उपद्रवियों ने दरियागंज इलाके में वाहन में आग लगा दी और दिल्ली गेट इलाके में पथराव किया.  पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पानी की बौछार की और लाठीचार्ज किया.

राजधानी में दिनभर हुए शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बाद आगजनी की यह पहली घटना बतायी गयी.  इससे पहले आज जामा मस्जिद के पास जुमे की नमाज के बाद प्रदर्शन मार्च निकाला गया. CAA के विरोध में जामा मस्जिद के बाहर लोगों की भीड़ जुटी.  प्रदर्शनकारी  इंडिया गेट की ओर बढ़े. प्रदर्शनकारियों ने संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ नारेबाजी की.

इसे भी पढ़ें : #CAAProtest  : असदुद्दीन ओवैसी ने शांति की अपील की, कहा, हमें शांति से विरोध करना है, पर पुलिस की अनुमति लेकर प्रदर्शन करें   

एडिशनल डीसीपी रोहित राजबीर सिंह घायल हो गये

पथराव की घटना उत्तर-पूर्व दिल्ली के सीलमपुर इलाके में भी हुई है,  जहां एडिशनल डीसीपी रोहित राजबीर सिंह घायल हो गये.  शुक्रवार सुबह से ही राजधानी के कई इलाके में प्रदर्शन हो रहे हैं.  पुरानी दिल्ली के जामा मस्जिद इलाके, दरियागंज, दिल्ली गेट, दक्षिणी दिल्ली के कुछ इलाके, उत्तर पूर्व दिल्ली के इंद्रलोक, सीमापुरी, केंद्रीय दिल्ली के इंडिया गेट पर लोग नागरिकता कानून के खिलाफ सड़क पर उतरे.

नागरिकता कानून के समर्थन में भी लोग सड़क पर उतरे

कुछ इलाके में लोगों ने शांतिपूर्ण तरीके से विरोध जताया तो कहीं प्रदर्शन ने हिंसक रूप अख्तियार कर लिया. उधर जामिया मिलिया इस्लामिया और सीलमपुर इलाके में प्रदर्शन के बाद पुलिस ने पुरानी दिल्ली से जंतर मंतर की ओर मार्च का प्रयास कर रहे प्रदर्शनकारियों की भारी भीड़ पर पानी की बौछारें कीं और लाठीचार्ज भी किया.  पुलिस ने उन्हें दिल्ली गेट पर ही रोक दिया.

कुछ इलाके में लोग नागरिकता कानून के समर्थन में सड़क पर उतरे और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखी.  दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट के वकीलों ने समर्थन में मार्च किया, वहीं सेंट्रल पार्क में भी लोग समर्थन में जुटे.

इसे भी पढ़ें : #CAAProtest : यूपी के कई शहरों में हिंसा, तोड़फोड़, आगजनी, पुलिस पर पथराव, फायरिंग

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button