
Ranchi: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा कि अन्य राज्यों के वे मतदाता, जिनका नाम विगत गहन पुनरीक्षण के दौरान झारखंड की मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया था, वे अपने संबंधित राज्य की पिछली मतदाता सूची से अपना नाम खोजकर अपने बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं। मतदाता 1950 हेल्पलाइन पर कॉल कर भी अपने अथवा परिजनों के नाम खोजने में सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि विगत गहन पुनरीक्षण की मतदाता सूची भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की आधिकारिक वेबसाइट पर सर्चेबल फॉर्मेट में उपलब्ध है।
के. रवि कुमार ने कहा कि मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण से पहले तैयारियों के क्रम में मतदाताओं का पिछले पुनरीक्षण की सूची से वर्तमान सूची में मैपिंग बीएलओ ऐप के माध्यम से की जा रही है। अन्य राज्यों से आए मतदाताओं की मैपिंग मैनुअल रजिस्टर मेंटेन कर की जाए, ताकि गहन पुनरीक्षण के दौरान उन्हें किसी प्रकार की कठिनाई न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि गहन पुनरीक्षण में एक भी योग्य मतदाता छूटना नहीं चाहिए।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि पैरेंटल मैपिंग और एएसडी सूची तैयार करते समय भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन किया जाए। आयोग द्वारा हर स्तर पर निरीक्षण की व्यवस्था की गई है, जिसका अनुपालन अनिवार्य है।
बैठक के दौरान पीपीटी के माध्यम से अधिकारियों को विगत एसआईआर से वर्तमान मतदाता सूची की मैपिंग से संबंधित निरीक्षण के प्रमुख बिंदुओं पर विस्तृत प्रशिक्षण भी दिया गया।




