
Ranchi : राज्य में लंबे समय से किशोर न्याय बोर्ड और बाल कल्याण समिति की हालत पस्त है. चेयरमैन और मेंबर्स के अभाव में बाल हित संरक्षण के कार्यों पर असर पड़ रहा है. यहां तक कि इनमें मैनपावर की कमी का मसला हाईकोर्ट तक जा चुका है. अब महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग, झारखंड ने इस दिशा में एक और कदम आगे बढाया है. पूर्व में उसकी ओर से चेयरमैन, मेंबर्स के लिए आनलाइन और डाक के माध्यम से आवेदन मंगाए गये थे.
बोर्ड में सामाजिक सदस्यों और समिति में अध्यक्ष तथा सदस्यों की नियुक्ति की जानी है. विभाग की ओर से आवेदनों की स्क्रीनिंग कर ली गयी है. जिन आवेदकों के आवेदन को सही पाया गया है, उन्हें इंटरव्यू में शामिल होने का मौका मिलेगा. 3 जनवरी, 2022 से होने वाले इस इंटरव्यू के लिए योग्य कैंडिडेट्स विभाग की वेबसाइट https://socialwelfare.jharkhand.gov.in/ के Recruitment Section पर अपना नाम लिस्ट में चेक कर सकते हैं.
आवेदकों को रखना होगा ध्यान
विभागीय वेबसाइट पर कैंडिडेट अपने इंटरव्यू डेट और रिपोर्टिंग टाइम को देख सकते हैं. यहीं से उन्हें अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड करना होगा. इस पर पासपोर्ट साइज की फोटो लगानी होगी. इंटरव्यू के समय इसे साथ रखना होगा. जिन कैंडिडेट ने कई जिलों या एक से अधिक पदों के लिए आवेदन किया होगा, उनका सभी आवेदित पदों के लिए एक बार ही इंटरव्यू होगा. इंटरव्यू के लिए कैंडिडेट को प्रोजेक्ट भवन, धुर्वा (रांची) के निकट स्थित झारखंड ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड के कान्फ्रेंस हॉल में उपस्थित होना होगा.
एडमिट कार्ड के साथ सभी एकेडमिक और वर्क एक्सपीरियंस संबंधी रिकॉर्ड की मूल प्रति, आधार कार्ड साथ रखेंगे. अगर वे कहीं कार्यरत हों तो अनापत्ति प्रमाण पत्र भी लाना होगा. कोविड-19 का टीका लगाए जाने संबंधी सर्टिफिकेट भी साथ रखने होंगे. अगर यह नहीं हो तो पिछले तीन दिनों के अंदर का आरटीपीसीआर टेस्ट का निगेटिव रिपोर्ट दिखाना होगा.




