
New Delhi: राजस्थान विधानसभा चुनाव में मोदी लहर का असर फीका सा लग रहा है. यहां एनडीए का चुनावी सफर आसान नहीं है. वहीं कांग्रेस पार्टी के द्वारा सरकार बनाने की प्रबल संभावना दीख रही है. यह बातें टाइम्स नाउ और सीएनएक्स के प्री-पोल सर्वे में कहा गया है. राजस्थान में कुल 200 विधानसभा सीटें हैं. प्री-पोल करने वाली टीवी न्यूज चैनल ने सर्वे में 67 सीटों को शामिल किया गया है. सभी विधानसभाओं से 120 सैंपल लिए गये हैं, जिनमें कुल 8040 (4250 पुरुष और 3790 महिलाएं) लोगों की प्रतिक्रया को शामिल किया गया है.
राजस्थान में कांग्रेस बनायेगी सरकार!
सर्वे रिपोर्ट कांग्रेस के लिए उत्साह बढ़ाने वाली खबर है. प्री-पोल सर्वे के अनुसार कांग्रेस को 110-120 सीटें मिल सकती हैं. जबकि सत्ताधारी बीजेपी को 70-80 सीटें ही मिलने संभावना है. सर्वे में बीएसपी को 1 से 3 सीटें दी गयी हैं. वहीं 7-9 सीटों पर अन्य को जीत मिल सकती है.
इसे भी पढ़ें: कांग्रेस में घमासान? राहुल के सामने दिग्विजय और सिंधिया में तू-तू, मैं-मैं
69 फीसदी लोगों को पीएम मोदी पसंद
देश भर के लोगों के दिमाग में चल रहे सवाल पर सर्वे में शामिल राजस्थान के 69 प्रतिशत लोगों ने कहा कि वे मोदी को फिर पीएम बनते देखना चाहते हैं. वहीं 23 प्रतिशत लोगों ने कहा कि राहुल गांधी को पीएम बनना चाहिए. 2 प्रतिशत लोग ऐसे भी थे जिन्होंने दोनों को समान बताया. 3 प्रतिशत लोगों को इनमें से कोई भी पसंद नहीं और 3 प्रतिशत ने इस पर कोई राय व्यक्त नहीं की.
केंद्र सरकार या राज्य सरकार बेहतर?
सर्वे में केंद्र और राज्य सरकार के कामकाज के सवाल पर 63 प्रतिशत लोगों ने कहा कि केंद्र सरकार ने अच्छा काम किया. वहीं 25 प्रतिशत लोगों ने वसुंधरा सरकार के काम को अच्छा कहा. 12 प्रतिशत लोगों ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी. 53.4 प्रतिशत लोग केंद्र सरकार से बेहद खुश हैं. जब लागों से अपने क्षेत्र में विधायकों द्वारा किए गये कार्य पर प्रतिक्रिया मांगी गई तो 40.7 प्रतिशत लोगों ने कहा कि वह इससे संतुष्ट हैं, वहीं 43.27 प्रतिशत लोग इससे असंतुष्ट नजर आये, जबकि 16.03 प्रतिशत लोगों ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी.
इसे भी पढ़ें: महागठबंधन की कवायद तेज, नायडू ने शरद पवार और फारुक अब्दुल्ला से की मुलाकात
राफेल से बड़ा मुद्दा बेरोजगारी
सर्वे में जब लोगों से पूछा गया कि आने वाले चुनाव में सबसे बड़ा मुद्दा क्या होगा तो 27 प्रतिशत लोगों ने कहा कि विकास सबसे बड़ा मुद्दा होगा. 35 प्रतिशत लोगों ने बेरोजगारी को सबसे बड़ा मुद्दा बताया. 15 प्रतिशत लोगों ने महंगाई को सबसे बड़ा मुद्दा बताया. 10 प्रतिशत लोगों ने कहा कि लिंचिंग बड़ा मुद्दा होगा. 6 प्रतिशत लोगों ने एससी/एसटी ऐक्ट को और 10 प्रतिशत लोगों ने राफेल को राजस्थान चुनाव में सबसे बड़ा मुद्दा बताया.
कैसा रहा वसुंधरा का शासन?
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया के कामकाज के सवाल पर 48 प्रतिशत लोगों ने इसे खराब बताया, 35 प्रतिशत लोगों ने इसे अच्छा कहा. 12 प्रतिशत लोगों ने इसे सामान्य कहा और 5 प्रतिशत लोगों ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी.
इसे भी पढ़ें: अस्थाना को दिल्ली हाईकोर्ट से राहतः गिरफ्तारी पर रोक, 14 नवंबर को अगली सुनवाई
किसने बेहतर काम किया?
सर्वे में जब वोटरों वर्तमान मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया और पूर्व मुख्समंत्री अशोक गहलोत के कामकाज पर सवाल पूछा गया तो 31 प्रतिशत लोगों ने कहा कि गहलोत ने अच्छा काम किया. 25 प्रतिशत लोगों ने कहा कि वसुंधरा ने अच्छा काम किया. 10 प्रतिशत लोगों को दोनों का काम पसंद आया. 14 प्रतिशत लोगों ने दोनों के काम को नकार दिया, वहीं 20 प्रतिशत लोगों ने इस पर कोई प्रतिक्रिया दी.




