Ranchi: अंत्योदय राशन कार्डधारी के मृत होने के बावजूद एक प्रज्ञा केंद्र संचालक ने उसमें अपना नाम जोड़वा लिया. राशन डीलर भी अपनी मर्जी से बदल दिया. मृतक के परिजनों के द्वारा इस संबंध में बोलने पर प्रज्ञा केंद्र संचालक का कहना है कि कार्ड मेरा हो गया, जिसको बोलना है बोल दो. बुंडू के लखीचरण महतो ने अपने गांव के प्रज्ञा केंद्र संचालक हरिश कुमार प्रमाणिक के खिलाफ रांची डीसी से शिकायत की थी. लखीचरण का कहना था कि उनकी दादी सुगी देवी पति अगनू महतो के अंत्योदय राशन कार्ड सं0- 202003925745 में गांव के ही प्रज्ञा केन्द्र संचालक हरिश कुमार प्रमाणिक ने अपना नाम जोड़वा लिया है. साथ ही पुराना डीलर महर्षि सरना महिला समिति को स्थानान्तरित कर नया डीलर लखी स्वयं सहायता समूह के पास कर दिया गया है. उनकी दादी सुगी देवी का देहांत दिनांक 20.11.2021 को हो गई है. उनके द्वारा राशन सामग्री का उठाव नहीं किया जा रहा है.
जांच में मामला सही पाया गया
शिकायत के आलोक में ऑनलाईन राशन कार्ड की जांच की गई. जांच से स्पष्ट हुआ कि राशन कार्ड सं0-202003925745 पर राशन सामग्री का उठाव नहीं किया जा रहा है. हरिश कुमार प्रमाणिक द्वारा पीएचएच राशन कार्ड सं0-202003925841 से माह फरवरी 2022 को अपना नाम डिलिट कराया गया और दिनांक 30. 03.2022 को अन्त्योदय राशन कार्ड सं0- 202003925745 में नाम जोड़ा गया है. ऑनलाईन प्रतिवेदन के अवलोकन से यह भी मालूम हुआ कि उक्त कार्ड में 12.05.2021 तक अंतिम राशन सामग्री का उठाव किया गया है.
बीएसओ को एफआईआर करने का आदेश
गलत व फर्जी तरीके से राशन कार्ड में अनाधिकृत रूप से मृत महिला के राशन कार्ड में नाम जोड़वा कर अंत्योदय योजना तथा अपने परिवार के नाम से पीएचएच राशन कार्ड अर्थात दोनों योजनाओं का लाभ लेने के आरोप में प्रज्ञा केंद्र संचालक हरिश कुमार प्रमाणिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी. एफआईआर दर्ज कराने को लेकर जिला आपूर्ति पदाधिकारी अल्बर्ट बिलुंग ने बुडूं के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (बीएसओ) को आदेश दिया है. जारी किए गए आदेश में जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बीएसओ से कहा है कि संबंधित थाना में हरिश कुमार प्रमाणिक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराते हुए दर्ज प्राथमिकी की प्रति उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें.




