
Ranchi: मंत्री जी पद के प्रभाव में गलत जवाब मत दीजिये. आप यह बताइए कि आयुष्मान कार्ड धारकों को इसके अलावा इलाज के लिए कोई दूसरा व्यवस्था राज्य सरकार के पास है? क्योंकि निजी अस्पताल आयुष्मान कार्ड लाभुकों को लौटा दे रहा है. यह बातें विधायक प्रदीप यादव ने झारखंड बजट सत्र के दौरान शुक्रवार को कही. जिसपर सरकार की ओर से प्रभारी मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा कि 831 निजी अस्पतालों के साथ निबंधन है. अगर कोई अस्पताल आयुष्मान कार्ड धारकों का इलाज नहीं करता है तो उसपर कार्रवाई होगी. प्रदीप यादव ने पूछा था कि क्या यह सही है कि सीएमसी बेल्लोर एवं राज्य के मेडिका, मेदांता और पल्स आयुष्मान योजना से निबंधित हैं? जिसपर सरकार की ओर से बताया गया कि पल्स हॉस्पिटल को छोड़कर सभी अस्पतालों के साथ निबंधन है.
आयुष्मान के रेट चार्ट में जोड़ा जाए राशि
भाजपा विधायक बिरंचि नारायण ने कहा कि निबंधन होने के बावजूद निजी अस्पताल आयुष्मान कार्ड धारकों का इलाज करने से मना कर दे रहे हैं. ऐसा इसलिए भी है क्योंकि आयुष्मान का जो रेट चार्ट है, वह बड़े अस्पतालों की खर्च से बहुत कम है. ऐसे में मैं मांग करता हूँ कि आयुष्मान के रेट चार्ट में राशि बढ़ाई जाए.




