
Kolkata: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज व कल पश्चिम बंगाल में रहेंगे. विधानसभा चुनाव के बाद शाह का यह पहला बंगाल दौरा है. विधानसभा चुनाव के बाद से ही बंगाल भाजपा में भगदड़ मची हुई है. विस चुनाव से पूर्व जिस रफ्तार से टीएमसी नेता भाजपा में शामिल हो रहे थे, तकरीबन उसी रफ्तार से अब भाजपा को छोड़कर टीएमसी में लौट रहे हैं. इतना ही नहीं भाजपा नेता आपस में उलझने से भी गुरेज नहीं कर रहे हैं. यह भाजपा नेतृत्व के लिए चिंता की बात है. अमित शाह एक के बाद एक लोगों के इस्तीफे के दौर को थामना चाहेंगे.
अधिकारियों के मुताबिक, अमित शाह सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के कई कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे. शाह 6 आधुनिक फ्लोटिंग बार्डर आउट-पोस्ट और सुंदरवन में तैनात बोट एंबुलेंस का उद्घाटन करेंगे. इसके अलावा वह हरिदासपुर स्थित मैत्री म्यूजियम का भी शिलान्यास करेंगे. गौरतलब है कि सुंदरवन के दुर्गम क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के लिए फ्लोटिंग बार्डर आउट पोस्ट की संख्या बढ़ा दी गई है. जबकि बोट एंबुलेंस की शुरुआत दुर्गम क्षेत्र में चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए की जा रही है. ये आउट पोस्ट सतलुज, नर्मदा, कावेरी, गंगा, साबरमती, कृष्णा पर बनाई गई हैं.
अमित शाह सिलीगुड़ी में रेलवे संस्थान खेल मैदान शाम करीब 6 बजे एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे. वहीं, शुक्रवार को गृह मंत्री कूचबिहार जिले में सुबह करीब साढ़े नौ बजे तीन बीघा जाएंगे और बीएसएफ जवानों के साथ बीओपी झलकाड़ी में बातचीत करेंगे. इसके बाद गृह मंत्री बाद कोलकाता के होटल वेस्टिन में शुक्रवार दोपहर 2 बजे पार्टी सांसदों, विधायकों और राज्य पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे. पार्टी के मद्देनजर इस बैठक को सबसे अहम माना जा रहा है. इस बैठक में शाह पार्टी नेताओं को एकजुट रहने का संदेश दे सकते हैं.
मालूम हो कि विधानसभा चुनाव में भाजपा को 77 सीटों पर विजयी मिली थी. इनमें से एक के बाद एक सात विधायक पार्टी छोड़ चुके हैं. इनके अलावा भी कई वरिष्ठ नेताओं ने भाजपा को अलविदा कहा है. बीते रविवार को कोलकाता से सटे उत्तरी 24 परगना के बारासात में 15 भाजपा नेताओं ने एक साथ इस्तीफा दे दिया है. आसनसोल लोकसभा उपचुनाव का परिणाम आने के 48 घंटे के भीतर ही 3 एमएलए समेत नदिया जिले के 18 भाजपा नेताओं ने पार्टी को छोड़ दिया था.




