National

Corona से लड़ने और बचाव के लिए ‘जन आंदोलन’, पीएम मोदी ने की शुरुआत

New Delhi: देश में कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं. एक ओऱ वैश्विक महामारी से जंग जारी है. वहीं इस लड़ाई के लिए जन आंदोलन की शुरुआत की गयी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आने वाले त्योहारों, ठंड के मौसम और अर्थव्यवस्था की स्थिति के मद्देनजर गुरुवार को कोविड-19 से निपटने के लिए लोगों के समुचित व्यवहार के बारे में ट्विटर पर एक ‘जन आंदोलन’ की शुरुआत की.

इसे भी पढ़ेंः IPL 14: KKR ने CSK को 10 रनों से हराया, धोनी ने बैट्समैन पर फोड़ा ठीकरा

#Unite2FightCorona

उन्होंने सिलसिलेवार ट्वीट कर लोगों से आग्रह किया कि जब तक कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए कोई टीका नहीं बन जाता तब तक उन्हें हर सावधानी बरतनी है और तनिक भी ढिलाई नहीं करनी है.

उन्होंने कहा, ‘‘कोरोना वायरस से बचें. हाथ धोएं बार-बार. सही से मास्क पहनें. निभाएं दो गज की दूरी. जब तक दवाई नहीं, तब तक ढिलाई नहीं.’’

मोदी ने कोरोना वायरस से बचाव संबंधी संदेशों के साथ तस्वीरें भी साझा कीं. इनमें वह खुद गमछा लपेटे हुए हैं और हाथे जोड़कर लोगों से बचाव का आग्रह करते दिख रहे हैं. अभियान को धार देने के लिए उन्होंने ‘‘यूनाइट टू फाइट कोरोना’’ हैशटैग का भी उपयोग किया.

प्रधानमंत्री ने कहा कि हम सब मिलकर कोरोना वायरस के खिलाफ सफलता हासिल करेंगे और इस लड़ाई को जीतेंगे. उन्होंने कहा कि कोविड-19 के खिलाफ भारत की लड़ाई लोगों द्वारा लड़ी जा रही है जिसे कोरोना योद्धाओं से मजबूती मिली है. उन्होंने कहा, ‘हमारे सामूहिक प्रयासों ने कई जिंदगियां बचाने में मदद की है. हमें इस गति को बरकरार रखना है और इस वायरस से नागरिकों की रक्षा करनी है.’

मालूम हो कि सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने बुधवार को घोषणा की थी कि प्रधानमंत्री मोदी कोविड-19 से निपटने के लिए समुचित व्‍यवहार के बारे में गुरुवार को ट्विटर पर ‘जन आंदोलन’ अभियान शुरू करेंगे.

केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा था कि कोरोना से बचाव का एकमात्र हथियार मास्क पहनना, सामाजिक दूरी का पालन करना और लगातार हाथ धोना है. उन्होंने कहा कि इसी सिद्धांत का पालन करते हुए सार्वजनिक स्थानों पर इन उपायों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के अभियान को शुरू किया जाएगा.

इसे भी पढ़ेंः कोरोना मरीज के इलाज में अधिकतम 12 हजार ले सकेंगे प्राइवेट हॉस्पिटल

68 लाख से अधिक संक्रमित

स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा अपडेट के मुताबिक, देश में कोरोना के मामले बढ़कर 68 लाख से अधिक हो गये हैं. बीते 24 घंटे में कोरोना के 78,524 नये केस सामने आये, जिसके बाद संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 68,35,656 हो गया है.

वहीं 971 लोगों की जान चली गयी. देश में संक्रमण के कारण अबतक 1,05,526 लोगों की मौत हो चुकी है. वहीं कुल संक्रमितों में से 58,27,705 लोगों ने इस बीमारी को मात दी है. देश में कोरोना के एक्टिव केस फिलहाल 9,02,425 हैं.

इसे भी पढ़ेंः मणिपुर-नगालैंड के पूर्व राज्यपाल व सीबीआइ के पूर्व डायरेक्टर अश्विनी कुमार का फंदे से झूलता मिला शव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button