
Patna: बिहार के चुनावी संग्राम के बीच जेडीयू ने अपने सभी कैंडिडेट की लिस्ट जारी कर दी है. जेडीयू की लिस्ट में जहां लालू यादव के समधी चंद्रिका राय का नाम है, वहीं वीआरएस लेकर चुनावी पारी खेलने के लिए तैयार पूर्व डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय को मौका नहीं मिला है.
बिहार में सत्ताधारी पार्टी जदयू ने प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर बुधवार को जारी की गई अपने 115 उम्मीदवारों की सूची में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के घोर विरोधी और राज्य की प्रमुख विपक्षी पार्टी राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद के समधी चंद्रिका राय को परसा विधानसभा सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है.
इसे भी पढ़ेंः बिहार चुनाव: बेटिकट रह गये पांडेय जी
सभी 115 उम्मीदवारों की सूची जारी
पटना स्थित जदयू के प्रदेश मुख्यालय में बुधवार को आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने राज्यसभा में पार्टी नेता आरसीपी सिंह, लोकसभा में पार्टी के नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और जदयू के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अशोक चौधरी की मौजूदगी में पार्टी के 115 उम्मीदवारों की सूची जारी की गयी.
बिहार विधानसभा की 243 सीटों के लिए होने वाले चुनाव में एनडीए गठबंधन में शामिल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नेतृत्व वाली पार्टी जदयू ने, अपने हिस्से में आयी 122 सीटों में से सात सीटें अपने सहयोगी, पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की पार्टी हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा सेक्युलर को दी हैं.
लालू के समधी पर मेहरबान नीतीश
लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव की पत्नी ऐश्वर्या राय के पिता चंद्रिका राय ने राजद छोड़ने के बाद 20 अगस्त को जदयू का दामन थाम लिया था. ऐश्वर्या का अपने पति से तलाक का मामला में अदालत के समक्ष विचाराधीन है.
पूर्व मुख्यमंत्री दरोगा प्रसाद राय के पुत्र और 2015 में बिहार विधानसभा में राजद के टिकट पर परसा से विधायक निर्वाचित हुए और पूर्व की महागठबंधन सरकार में मंत्री रहे चंद्रिका राय को अब जदयू ने परसा से अपना उम्मीदवार बनाया है. चंद्रिका राय सारण जिले के अंतर्गत आने वाले इस निर्वाचन क्षेत्र का छह बार प्रतिनिधित्व कर चुके हैं.
इसे भी पढ़ेंः IPL 14: KKR ने CSK को 10 रनों से हराया, धोनी ने बैट्समैन पर फोड़ा ठीकरा
पांडेय जी को करना होगा और इंतजार
हाल में बिहार के पुलिस महानिदेशक पद से वीआरएस लेकर जदयू में शामिल हुए गुप्तेश्वर पांडेय के, उनके गृहनगर बक्सर जिला के शाहपुर निर्वाचन क्षेत्र से विधानसभा चुनाव लड़ने की अटकलें लगायी जा रही थीं. लेकिन पांडेय का नाम पार्टी उम्मीदवारों की सूची से गायब है. अब उनको, सात नवंबर को होने वाले वाल्मीकिनगर लोकसभा सीट के उपचुनाव में पार्टी उम्मीदवार बनाए जाने या बिहार विधानसभा परिषद का सदस्य बनाए जाने की संभावना जतायी जा रही है. जदयू सांसद बैद्यनाथ महतो की मृत्यु के कारण इस सीट पर उपचुनाव आवश्यक हो गया है.
बता दें कि एनडीए में सीट-बंटवारे के तहत शाहपुर सीट भाजपा के पास चली गयी. जदयू को बक्सर जिले में दो सीटें डुमरांव और राजपुर (सुरक्षित) मिली हैं जहां से पार्टी ने अंजुम आरा और राज्य मंत्री संतोष कुमार निराला को अपना उम्मीदवार बनाया है.
वहीं टिकट नहीं मिलने पर गुप्तश्वेर पांडेय ने कहा कि वो इसबार चुनाव नहीं लड़ रहे हैं. इसमें हताश या निराश होने की बात नहीं. अपने फेसबुक पोस्ट में उन्होंने लिखा कि उनका जीवन संघर्ष में बीता है, और वो सदा जनता की सेवा करते रहेंगे.
उल्लेखनीय है कि जदयू ने अपने अधिकतर मंत्रियों और दल-बदल कर पार्टी में शामिल होने वालों को अपना उम्मीदवार बनाया है. जदयू ने निवर्तमान विधानसभा के अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी को समस्तीपुर जिले की उनकी परंपरागत सीट सरायगंज से उम्मीदवार बनाया है.
इसे भी पढ़ेंः कोडरमा में खाली है डीएसई का पद, दो माह से शिक्षकों को नहीं मिला वेतन




