JharkhandPalamu

पलामू: क्लेम बिल पर हस्ताक्षर नहीं करने पर #PHED के इंजीनियर को संवेदक ने पीटा, एससी-एसटी थाना पहुंचा मामला

Palamu:  क्लेम बिल पर हस्ताक्षर नहीं करने पर आज पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सहायक अभियंता गोविंद कच्छप की पिटायी कर दी गयी. संवेदक द्वारा जाति सूचक शब्द का इस्तेमाल किया गया. मामला एससी-एसटी थाना पहुंच गया है. सहायक अभियंता गोविंद कच्छप ने प्राथमिकी दर्ज करने के लिए एससी-एसटी थाना प्रभारी को आवेदन दिया है.

इसे भी पढ़ेंः सुनिये सरकार, लाठी चार्ज पर क्या कह रहे हैं लोग, कैसे कोस रहे हैं, पुलिस वाले भी उठा रहे हैं सवाल

क्या है मामला?

दरअसल, जिले के पांडू में एक वर्ष से जलापूर्ति योजना तैयार हो रही है. योजना में 50 प्रतिशत काम पूरा हो गया है. लेकिन संवेदक मेदिनीनगर के बारालोटा-रेड़मा निवासी कृष्ण बल्लभ तिवारी को पेमेंट नहीं हुआ है. संवेदक क्लेम बिल पर हस्ताक्षर के लिए कई बार सहायक अभियंता गोविंद कच्छप से संपर्क किया, लेकिन बिल में त्रुटि दिखाकर मामले को लटकाये रखा गया.

इसे भी पढ़ेंः चुनाव की पिच पर #AJSU ने उतारे चूल्हा प्रभारी, सभी घरों में जलता रहे चूल्हा इसका रखेंगे ध्यान

खामियों के कारण नहीं किया हस्ताक्षर: सहायक अभियंता

सहायक अभियंता ने बताया कि क्लेम बिल में खामियां थीं. सुधार कर बिल देने का आग्रह किया गया, लेकिन संवेदक जबरन हस्ताक्षर कराना चाहता था. कार्यपालक अभियंता अजय सिंह और कनीय अभियंता ददन राम से बुधवार को इस संबंध में वार्ता कर रहे थे. इसी बीच संवेदक कार्यपालक अभियंता के कार्यालय में घुस आया और जबरन हस्ताक्षर कराने की कोशिश की. इंकार करने पर भड़क गया और मारपीट करने लगा. मारपीट की. कुर्सी फेंक कर जख्मी करने की कोशिश की.

बिल पास करने के लिए सहायक अभियंता मांगते हैं घूस: संवेदक

संवेदक कृष्ण बल्लभ तिवारी ने बताया कि बिल समर्पित करने पर सहायक अभियंता द्वारा घूस मांगा जाता है. एक वर्ष से निर्माण कार्य चल रहा है. 60 प्रतिशत से अधिक कार्य हो चुके हैं, लेकिन भुगतान एक रूपया नहीं हुआ है. प्रावधान व प्रक्रिया के अनुसार अपने किये गए कार्यों का बिल बनवाकर विभाग को समर्पित भी किया है. लेकिन कमियां निकाल कर बिल को पास करने से इंकार कर दिया गया.

बिल आने पर होगा भुगतान: कार्यपालक अभियंता

पीएचइडी के कार्यपालक अभियंता अजय कुमार सिंह ने भी पांडू जलापूर्ति योजना का काम 50 प्रतिशत पूर्ण हो जाने की बात स्वीकार की. उन्होंने कहा कि प्रक्रिया के अनुसार संवेदक को बिल बनवाकर समर्पित करना होता है. बिल उनके टेबल पर आया तो वे तुरंत योजना की राशि का भुगतान संवेदक को करेंगे. उन्होंने कहा कि विभाग के पास योजना के लिए पैसों की कमी नहीं है. कार्यपालक अभियंता श्री सिंह ने विभाग में किसी कमिशनखोरी की बात से इंकार किया.

कार्रवाई होगी: थाना प्रभारी

एससी-एसटी थाना प्रभारी राजनीति पासवान ने बताया कि पीएचइडी के सहायक अभियंता गोविंद कच्छप ने अभद्र व्यवहार और जातिसूचक शब्द का इस्तेमाल करते हुए मारपीट की प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है. इस संबंध में कार्रवाई की जायेगी.

सवा चार करोड़ की है योजना

पांडू जलापूर्ति योजना सवा चार करोड़ की है. इसे दो वर्ष में पूरा करना है. एक वर्ष हो चुका है. अभियंता के अनुसार 50 से 60 प्रतिशत काम हो चुका है. लेकिन सहायक अभियंता और संवेदक के विवाद के बाद निर्माण कार्य पर असर पड़ सकता है.

इसे भी पढ़ेंः डोनाल्ड ट्रंप ने  #PMModi को #FatherOfIndia कहा, असदुद्दीन ओवैसी ने ट्रंप को अज्ञानी करार दिया

Related Articles

Back to top button