Ranchi : सोशल डिस्टेंसिंग के पालन के साथ मंगलवार को JEE मेन की परीक्षा हुई. रांची में तुपुदाना स्थित टीसीएस के आइओएन डिजिटल सेंटर को परीक्षा केंद्र बनाया गया. वहीं पूरे राज्य में आठ परीक्षा केंद्र थे. पहले दिन बी-आर्क कोर्स में दाखिले को इच्छुक स्टूडेंट्स की परीक्षा ली गयी. दो सत्र में होने वाली इस परीक्षा का पहला सत्र सुबह 9:00 से दोपहर 12 बजे तक चला. परीक्षा में शामिल होने के लिए परीक्षार्थी सेंटर पर सुबह सात बजे से पहुंचने लगे थे.
एंट्री गेट से 70 मीटर पहले बनाया वेटिंग प्वाइंट
तुपुदाना स्थित आइओएन डिजिटल सेंटर के एंट्री गेट से 70 मीटर पहले वेटिंग प्वाइंट बनाया गया था. जहां से केवल परीक्षार्थियों को ही एंट्री दी जा रही थी. इस दौरान एनटीए की ओर से जारी गाइडलाइन का सख्ती से पालन किया जा रहा था. एंट्री प्वाइंट पर ही अभिभावकों को रोका गया था.
सोशल डिस्टेंसिंग का पालन हो इसके लिए एंट्री गेट के बाहर सफेद सर्किल बनाया था,जहां खड़े हो कर स्टूडेंट्स अपनी प्रवेश की बारी का इंतजार कर रहे थे. गेट पर प्रवेश करते ही छात्रों को हैंड सैनिटाइज कराया जा रहा है. इसके बाद उनकी थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही थी. स्क्रीनिंग के बाद छात्रों को अपने साथ लाये मास्क को हटाकर सेंटर की ओर से उपलब्ध मास्क दिया जा रहा है.
रांची के बाहर से थे लगभग 30 फीसदी छात्र
पहले दिन बी-आर्क पेपर की परीक्षा होने की वजह से स्टूडेंट्स की संख्या 300 के करीब थी. इसमें से अधिकांश रांची के स्टूडेंट्स थे, पर लगभग 30 फीसदी स्टूडेंट्स लोहरदगा, पलामू, गुमला, सिमडेगा, रामगढ़ आदि जिलों से आये हुए थे. परीक्षा सेंटर पर तमाम तरह की जानकारी परीक्षार्थियों को माइक से दी जा रही थी.
इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने के लिए पुलिस प्रशासन भी दुरूस्त दिखा. इस बार एग्जाम सेंटर के बाहर किसी प्रकार रौल नम्बर शीट नहीं लगाया गया है. एग्जामन लैब के बाहर स्कैनिंग की व्यवस्था की गयी है. यहीं से छात्रों को लैब की जानकारी दी जा रही है.
भाजपा युवा मोर्चा ने लगाया हेल्प डेस्क
छात्रों को परेशानी न हो, इसके लिए भाजपा युवा मोर्चा के लोगों ने एग्जाम सेंटर के बाहर एक हेल्प डेस्क बना रखा है. वे यहां छात्रों और अभिभावकों को सोशल डिस्टेंसिंग से लेकर अन्य जानकारी और सहयोग उपलब्ध करा रहे हैं. परीक्षा देकर निकलने वाले स्टूडेंट्स के बीच मास्क-सेनेटाइजर भी दिया जा रहा था.




