
Dhanbad: जज की मौत मामले में लापरवाह पुलिस पदाधिकारियों पर गाज गिरनी शुरू हो गई है. धनबाद एसएसपी संजीव कुमार ने जिला एवं सत्र न्यायाधीश-8 उत्तम आनंद की मौत के मामले में सबसे कमजोर कड़ी साबित हुए पाथरडीह थाना प्रभारी उमेश मांझी को निलंबित कर दिया है.

जानकारी के अनुसार जज को धक्का मारने वाला ऑटो के मालिक का घर पाथरडीह थाना क्षेत्र में ही है और चालक तथा उसका सहयोगी भी इसी इलाके का रहने वाला है. जिस ऑटो से जज उत्तम आनंद को 28 जुलाई को धक्का मारा गया था. वह ऑटो 27 जुलाई की रात चोरी हुई थी. इसकी प्राथमिकी पाथरडीह थाने में दर्ज हुई थी. इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में थाना प्रभारी को निलंबित किया गया है.

इससे पहले एसआईटी (SIT) की टीम ने शनिवार की देर रात पाथरडीट भोरिक खटाल निवासी ऑटो मालकिन सुगनी देवी के पति रामदेव लोहार को पाथरडीह के जंगल से धर दबोचा है. रामदेव लोहार डकैती सहित कई अपराधिक वारदातों में शामिल रहा है.

पुलिस दबिश की वजह से रामदेव अपने घर आ गया था. इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रामदेव को पकड़ कर सुदामडीट थाने ले गई. इसे के साथ पुलिस ने रामदेव की हिस्ट्री भी निकाली है. इसके अनुसार रामदेव पर 90 के दशक में लूट और चोरी के कई मामले दर्ज हुए थे. इसी के साथ रामदेव पर शराब का गोरखधंधा करने का भी आरोप लग चुका है. रामदेव पहले भी कई बार जेल जा चुका है.




