
Dhanbad: धनबाद में भाजपा नेताओं से जुड़े मामले को लेकर पार्टी की छवि खराब हो रही है. मामला चाहे विधायक ढुल्लू महतो और भाजपा के ही सांसद रवींद्र पांडेय पर लगे शारीरिक शोषण का हो या फिर बाघमारा के विधायक पर इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स का लगाया रंगदारी का मामला हो. उक्त बातें झारखंड सरकार के मंत्री सरयू राय ने धनबाद सर्किट हाउस में आयोजित प्रेसवार्ता में कही.
ढुल्लू प्रकरण पर सरयू राय ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष ने ढुल्लू महतो को क्या क्लीन चिट दिया है, इसकी हमें जानकारी नहीं है. अगर कोई प्राथमिकी दर्ज करता है तो कार्रवाई होनी चाहिए. अगर एफआईआर हुई है, तो पुलिस को भी अनुसंधान करना चाहिए. वहीं पार्टी को भी उच्च स्तरीय कमेटी बनाकर इसकी जांच करनी चाहिए.
बाघमारा क्षेत्र में कोयला नहीं उठने पर डीसी से लेंगे फीडबैक
बाघमारा क्षेत्र से कोल व्यवसायी से रंगदारी मांगे जाने के मामले में सरयू राय ने कहा कि इस मामले में वह खुद उपायुक्त से बात करेंगे कि आखिर कोयला क्यों नहीं उठाया जा रहा है. इस मामले में इंडस्ट्रीज ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों से भी बात की जाएगी. कोयला नहीं उठने से सरकार को काफी घाटा का सामना करना पड़ रहा है. साथ ही मजदूरों को भी अपनी जीविका चलाने में समस्याओं का सामना करना पड़ता है.
किसानों की स्थिति में सुधार के लिए राज्य सरकार खरीदेगी फसल
किसानों के प्रति राज्य सरकार ने एक अच्छी पहल की है. इससे किसानों को काफी सहयोग मिलेगा. सरकार ने किसानों से धान की खरीदारी शुरू कर दी है. किसानों से प्रति क्विंटल के हिसाब से 200 एक्स्ट्रा बोनस के साथ सरकार 1950 रुपए में खरीदेगी.
उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रखंड में एक केंद्र खोला जाएगा, जिससे किसान अपने धान को सेंटर प्वाइंट पर ला सकें. जरूरत पड़ी तो उपायुक्त के माध्यम से दूसरे केंद्र भी खोले जा सकेंगे. उन्होंने कहा कि इस साल उपज कम हुई है. इसकी भरपाई के लिए हरेक विभाग में मार्च महीने में जो पैसा सरेंडर होगा. उस पैसे से 40 करोड़ रुपए सरकार को देने का अनुरोध किया गया है. सरकार पहले किसानों से 1750 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान क्रय करती थी, इसे अब 1950 रुपए में खरीदा जाएगा. इससे 200 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से सीधा किसानों को लाभ मिलेगा.
पारा शिक्षक के मामले में कैबिनेट स्तर की होनी चाहिए बैठक
पारा शिक्षकों (प्राथमिक व माध्यमिक) की स्थिति को देखते हुए सरकार कैबिनेट की उपसमिति बनाये. जो पारा शिक्षकों से बात करें, ताकि मामला का जल्द से जल्द निष्पादन हो. बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है.
बकोरिया कांड की सीबीआई जांच हो
बकोरिया कांड के मामले में मंत्री राय ने कहा कि सीआईडी जांच से कोर्ट असंतुष्ट है. इसकी जांच सीबीआई से करायी जाये, ताकि मामला क्या है जल्द से जल्द सामने आये. दोषी को सजा मिले.
इसे भी पढ़ें: सरयू राय के खिलाफ सबूत के नाम पर आप ने लोगों की वीडियो रिकॉर्डिंग दिखायी




