JharkhandPalamu

पलामू: सड़क हादसे में जैप जवान की पत्नी की मौत, गुस्साये लोगों ने चार घंटे  एनएच जाम किया

Palamu : यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने और सड़क दुर्घटनाएं रोकने के लिए इन दिनों पलामू में विशेष अभियान चलाया जा रहा है. लेकिन अभियान के बीच शहर में एक बार फिर हादसा हो गया. मोटरसाइकिल पर सवार महिला एक स्कूल बस की चपेट में आ गयी.उनकी मौत के बाद जमकर बवाल हुआ. चार घंटे तक सड़क को जाम रखा गया. जामकर्ताओं ने  बस चालक की गिरफ्तारी और एफआईआर दर्ज करने की मांग की गयी. हालांकि मौके पर पहुंचे डीएसपी भोला प्रसाद, इंस्पेक्टर दीपक कुमार ने किसी तरह मामले को शांत कराकर दोपहर में जाम हटवाया.

ट्रिपल लोड के कारण अनियंत्रित हो गयी मोटरसाइकिल

महिला की पहचान लेस्लीगंज के दारूडीह निवासी और जैप 8 के जवान राजकिशोर यादव की पत्नी प्रमिला देवी  के रूप में हुई है. प्रमिला देवी अपनी बहन बारालोटा निवासी और उसके लड़के अनुभव कुमार के साथ मोटरसाइकिल से आधार कार्ड बनवाने के लिए बाइपास सड़क से गुजर रही थी. मोटरसाइकिल अनुभव कुमार चला रहा था. डीआईजी आवास के सामने जैसे ही मोटरसाइकिल पहुंची कि अनियंत्रित हो गयी. इसी बीच पीछे बैठी महिला सड़क पर गिर गयी और पीछे से आ रही एक स्कूल बस की चपेट में आ गयी.

मौत के बाद भड़क गये लोग

हादसे में प्रमिला देवी की मौके पर मौत हो गयी, जबकि उसकी बहन जख्मी है. बहन को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. डीएसपी भोला सिंह ने बताया कि घटना के बाद लोग कार्रवाई की मांग पर अड़े थे. उन्हें किसी तरह समझाया गया. बस जब्त करने की कार्रवाई की जा रही है. प्राथमिकी भी दर्ज की जायेगी.

स्कूल प्रबंधन ने किया उनकी बस होने से इनकार

इधर, सोशल मीडिया में विमला पांडेय ज्ञान निकेतन स्कूल की 12 नंबर बस के दुर्घटना में शामिल होने की चर्चा के बाद स्कूल प्रबंधन ने मामले की जांच की. स्कूल प्रबंधन ने कहा कि हादसे में उनके स्कूल की बस शामिल नहीं थी. सोशल मीडिया में स्कूल बस का नाम आना महज अफवाह है. अज्ञात वाहन इसमें शामिल था. पुलिस भी इस संबंध में जांच कर रही है.

इसे भी पढ़ें – JCECEB को मेल कर समस्या का मांगा समाधान, जवाब में मिले हेल्पलाइन नंबर पर नहीं लगता फोन

पलामू की ट्रैफिक व्यवस्था फेल : त्रिपाठी

पूर्व मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के एन त्रिपाठी ने शहर की यातायात व्यवस्था पर सवाल उठाया है. शहर के बाइपास रोड में डीआईजी आवास के सामने एक स्कूली बस से टक्कर से महिला की मौत पर श्री त्रिपाठी बिफर पड़े और यातायाता व्यवस्था को प्रशासनिक नियंत्रण से बाहर बताया. साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था के ध्वस्त होने का आरोप लगाते हुए पुलिस प्रशासन से यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने की मांग की.

पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि स्कूली बसों के ड्राइवर व अन्य भारी वाहन चालक गाड़ी ऐसे चलाते हैं, जैसे सड़क पर हवाई जहाज चला रहे हों. ऐसे में ट्रैफिक पुलिस व प्रशासन को इस पर गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत है, ताकि सड़क दुर्घटना में लोगों के जानमाल की क्षति न पहुंचे व आये दिन हो रही दुर्घटना से मुक्ति मिले. श्री त्रिपाठी प्रभावित परिवार से मिले और मुआवजा भुगतान के लिए प्रशासन पर दबाव बनाया.

सड़क जाम करना गैरकानूनी  : किशोर कुमार पांडे

इधर, अभिभावक संघ अध्यक्ष सह सुप्रीम कोर्ट अधिवक्ता किशोर कुमार पांडे ने कहा कि कहीं भी नेशनल हाईवे जाम करना अपराध है और सुप्रीम कोर्ट का एक आदेश है कि जो भी सड़क जाम करता है, उस पर मुकदमा दर्ज होना चाहिए. लेकिन पलामू पुलिस विगत कुछ दिनों से ऐसा नहीं कर रही हैं. डीआईजी आवास के समीप सड़क हादसे के बाद कई घंटे तक जाम लगा रहा. जाम में कई मरीज, स्कूली बच्चे व आवागमन करने वालों भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. राजनीति करने वाले जनता के दुःख दर्द से बेखबर होकर अनावश्यक सड़क जाम कर आवागमन को अवरुद्ध कराया, जो कानूनन गलत है.

श्री पांडेय ने जिले के पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि जिले में सुप्रीम कोर्ट का आदेश का अनुपालन कराया जाये और जितने भी लोग जाम करने में शामिल होते हैं, सभी पर मुकदमा दर्ज हो, जिससे पुनः लोग सड़क जाम ना करें. वैसे भी कानून में यह प्रावधान है के हिट एंड रन में जो लोग दुर्घटना के शिकार होते हैं, उन्हें जिला प्रशासन द्वारा मुआवजा दिया जाता है.

इसे भी पढ़ें –हुसैनाबाद विधायक शिवपूजन मेहता ने दिया इस्तीफा, कहा – याचना नहीं अब रण होगा

Related Articles

Back to top button