
Palamu: पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के जपला- नबीनगर नहर रोड में लोटानिया गांव के समीप बीती रात 3 युवकों के साथ मारपीट कर उनकी बाइक लूट ली गई. घटना को एक बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने अंजाम दिया. भुक्तभोगी तिलक चढ़ाने बिहार के औरंगाबाद जा रहे थे. अपराधियों की मारपीट में एक युवक के सिर में गंभीर चोट आई है. उसका इलाज हुसैनाबाद के अनुमंडलीय अस्पताल में किया गया.
जानकारी के अनुसार जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र के दीवान बिगहा गांव निवासी गोविंदा पासवान, रवि चंद्रवंशी व लड्डन चंद्रवंशी घर से बिहार राज्य के औरंगाबाद जिला के देव गांव तिलक चढ़ाने के लिए नई बाइक लेकर जा रहे थे. रास्ते में लोटनियां गांव के समीप तीन अज्ञात लोगों ने उनकी बाइक रुकवा कर उनके साथ मारपीट की और तिलक चढ़ाने के लिए ले जाई जा रही बाइक,जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर JH 03 AB 8422 है, अपराधियों ने लूट ली और फरार हो गए. घटना के संबंध में भुक्तभोगी ने हुसैनाबाद थाना में आवेदन दे दिया है. घटना की जानकारी के बाद पुलिस मामले की छानबीन शुरू कर दी है.




