
Palamu: पलामू सहित पूरे झारखंड में मंगलवार से ‘लॉकडाउन’ लगाये जाने की से खबर से पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के बाजार में अफरा तफरी का माहौल देखने को मिला.
अचानक लोगों की भीड़ बाजार एरिया में बढ़ जाने से कई सड़कें कई घंटे तक जाम रही. लोग इसमें फंसे रहे. लगन का समय होने के कारण शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के बड़ी संख्या में लोग खरीददारी करने के लिए पहुंचे. ग्रामीण क्षेत्रों के कई किराना दुकानदार जमाखोरी के लिए अन्य दिनों की अपेक्षा ज्यादा खाद्य सामग्रियों की खरीददारी की.
इसे भी पढ़ें :कोडरमा में चार बैंक कर्मी कोरोना संक्रमित, दो बैंकों को किया गया बंद
सुबह से सोशल मीडिया में पलामू सहित पूरे झारखंड में आज से लॉकडाउन लगाए जाने की खबर वायरल होते रही. इसकी सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग खरीददारी करने के लिए मेदिनीनगर बाजार पहुंचे.
इस कारण पंचमुहान, छहमुहान, आढ़त रोड, हनुमान मंदिर रोड, घास पट्टी, बम पटाखा गली, थाना के सामने वाली सड़क पर घंटों जाम लगा रहा. इसमें दर्जनों छोटे बड़े वाहन फंसे रहे. इससे कोरोना को जहां बल मिला, वहीं भीषण गर्मी और तेज धूप में लोगों को जाम से निकलने में भारी परेशानी हुई.
बताते चलें कि दोपहर बाद झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घोषणा की कि 22 अप्रैल की सुबह 6.30 बजे से 29 अप्रैल की सुबह 6.30 बजे तक पूरे राज्य में स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह मनाया जायेगा. इसमें आवश्यक सामानों की दुकानों को छोड़कर अन्य दुकानें बंद रहेंगी.
इसे भी पढ़ें : विकास आयुक्त अरुण सिंह देखेंगे स्वास्थ्य विभाग का काम, स्वास्थ्य सचिव के कोरोना संक्रमित होने के बाद लिया गया फैसला




