Crime NewsPalamu

पलामू: मुखिया की पुतोहू ने पति और देवर को मारा चाकू

पति रेफर, महिला को पुलिस ने लिया हिरासत में

Palamu: पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के रेवारातु पंचायत क्षेत्र में मुखिया की पतोहू अचानक हिंसक हो गयी और अपने पति और देवर पर चाकू से कई वार किये. घटना के बाद महिला के पति को बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर किया गया है जबकि देवर का इलाज मेदनीनगर के मेदनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है.

जानकारी के अनुसार रेवारातू की मुखिया मालो देवी की पुतोहू ने अपने रोजगार सेवक पति जितेंद्र रवि और देवर उपेंद्र रवि को चाकू मारकर जख्मी कर दिया है. प्राथमिक उपचार के बाद पति की स्थिति को देखते हुए मेदिनीनगर से रांची के रिम्स में बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया. देवर का इलाज मेदिनीनगर में चल रहा है. घटना रविवार की तड़के 2:30 बजे के करीब की है. लेस्लीगंज पुलिस आरोपी महिला को चाकू के साथ गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है.

एसआइ रमेशचंद्र हजाम ने बताया कि पति -पत्नी में विवाद हुआ था. पत्नी ने घर के कमरे में सोए हुए अवस्था में पति के पेट पर चाकू से हमला कर बुरी तरीके से जख्मी कर दिया. हल्ला के बाद बचाने आए देवर पर भी भाभी ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसे भी जख्मी कर दिया. पुलिस ने आरोपी महिला के साथ हत्या के नियत से प्रयोग किए गए चाकू को भी कब्जा में लिया है.

रेवारातू स्थित घर में मौजूद उपेंद्र की पत्नी ने बताया कि भैया अपनी पत्नी के साथ रूम में सोए हुए थे. इसी बीच बचाओ -बचाओ की आवाज सुनकर घर के दूसरे कमरे में सोए मेरे पति बचाने के लिए दौड़े. वहां पर उन्होंने भाभी के हाथ में चाकू से भैया के पेट में प्रहार करता देख बचाने का प्रयास किया. भाभी ने चाकू से प्रहार कर इन्हें भी बुरी तरीके से जख्मी कर दिया.

वही घटना के बाद आरोपी महिला को ग्रामीणों ने किसी तरह से काबू में करके रखा. महिला बार-बार अपने हाथ में लिए हुए चाकू का भय दिखाकर घंटों तक ग्रामीणों को रोके रखा था. पुलिस के आने के बाद महिला को किसी तरह से काबू में किया गया. कमरा में जिस पलंग पर पति पत्नी सोए हुए थे उस पलंग का बिछावन खून से भींगा था. बरामदे और दरवाजे पर खून का धब्बा देखा गया.

पड़ोस की महिलाओं ने बताया कि मुखिया और उसके पति बोधन राम दूसरे घर पर थे. एकाएक हल्ला होने के बाद मुखिया के घर पर पहुंचे तो देखा कि महिला अपने पति पर चाकू से वार कर जख्मी कर दिया था. जितेंद्र के साथ उसकी शादी दो साल पहले हुई थी. दोनों से एक बच्ची भी है. दो दिन पहले ही जितेंद्र अपनी पत्नी को मायके से लाया था.

Related Articles

Back to top button