JharkhandPalamu

पलामू : ट्रक के धक्के से छात्र की मौत, एनएच-39 जाम, यात्री हुए परेशान

Palamu: मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के बैरिया में शुक्रवार को एक ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार 10वीं के छात्र की मौत हो गयी. छात्र की पहचान पाटन थाना क्षेत्र के हिसरा-बरवाडीह निवासी विद्यासागर कुमार के रूप में हुई. वह विमला पांडेय मेमोरियल ज्ञान निकेतन में पढ़ता था. टयूशन कर आवासीय विद्यालय आ रहा था.
जानकारी के अनुसार टयूशन पढ़ने के बाद छात्र साइकिल से बैरिया स्थित बाजार समिति के समीप से गुजर रहा था. अचानक ट्रक ने उसे चपेट में ले लिया. गंभीर स्थिति में छात्र को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. मौत के बाद गुस्साये छात्र के परिजनों और स्कूल के छात्रों ने बैरिया में ही मुख्य सड़क एनएच 39 को जाम कर दिया.
जाम की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक इन्द्रजीत महथा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और किसी तरह लोगों को समझाकर जाम हटाने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण मुआवजे और ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे. शाम करीब साढ़े छह बजे एसपी द्वारा किसी तरह समझा कर मामले को शांत कराया गया. एसपी द्वारा कार्रवाई करने और उचित सरकारी मुआवजा दिलाने का भरोसा दिलाया गया है.
जाम के कारण एनएच पर दर्जनों वाहन फंसे रहे. कई यात्री और निजी वाहनों के फंसने से उसमें सवार यात्रियों को भारी परेशानी हुई.

Related Articles

Back to top button